Aligarh: 280 विद्यालयों के विद्यार्थी दूसरे स्कूलों में हुए शिफ्ट, 62 स्कूलों में घटी विद्यार्थियों की संख्या
अलीगढ़ जिले में 665 विद्यालय ऐसे हैं, जिसमें 50 से कम बच्चे पंजीकृत हैं। पहले चरण में 160, दूसरे चरण में 25 और तीसरे चरण में 280 विद्यालयों का दूसरे विद्यालयों में विलय हो गया। विद्यालयों में 50 से कम विद्यार्थी और शिक्षक भी दूसरे विद्यालयों में जाएंगे।
विस्तार
30 जून को अलीगढ़ में बेसिक शिक्षा विभाग के और 280 विद्यालयों का दूसरे स्कूलों में विलय हो गया। इन स्कूलों के बच्चों को एक किमी के दायरे वाले स्कूलों में शिफ्ट किया गया है। इस तरह अब तक 465 विद्यालयों का विलय हो चुका है।
जिले में 2115 में से 665 विद्यालयों का विलय होना है। इन स्कूलों के 26 हजार बच्चे दूसरे विद्यालयों में समायोजित होंगे। तीन चरण में अब तक 465 स्कूलों का विलय हो गया है। विकास खंड टप्पल, चंडौस, जवां, खैर, लोधा, धनीपुर, अकराबाद, इगलास, गोंडा, अतरौली, बिजौली, गंगीरी में 22-22 और अलीगढ़ में 16 विद्यालयों का विलय हो गया है। इनमें करीब एक हजार बच्चे दूसरे विद्यालय में समायोजित किए गए हैं।
जिले में 665 विद्यालय ऐसे हैं, जिसमें 50 से कम बच्चे पंजीकृत हैं। पहले चरण में 160, दूसरे चरण में 25 और तीसरे चरण में 280 विद्यालयों का दूसरे विद्यालयों में विलय हो गया। विद्यालयों में 50 से कम विद्यार्थी और शिक्षक भी दूसरे विद्यालयों में जाएंगे।
बाल वाटिका में बदलेगा विद्यालय
जिले के 665 विद्यालय अब बाल वाटिका में नजर आएंगे। इन विद्यालयों में 50 से कम बच्चे नामांकित है। बाल वाटिका में 3 से 6 साल आयु वर्ग के बच्चे पढ़ेंगे और खेलेंगे। बच्चों को पढ़ाने के लिए 196 विशेष शिक्षक की तैनाती की गई है। इस संबंध में बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बाल वाटिका में खेलकूद के सामान और लाइब्रेरी की व्यवस्था होगी। कोई भी विद्यालय न तो बंद हो रहा है और न ही शिक्षकों की सेवा पर खतरा मंडरा रहा है।
62 स्कूलों में घटी विद्यार्थियों की संख्या, सभी स्टाफ की वेतन वृद्धि रोकी
पिछले एक साल में अलीगढ़ जिले के 62 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के नामांकन में गिरावट आई है। इस पर सभी स्टाफ की वेतन वृद्धि रोक दी गई है। विकास खंड जवां के प्राथमिक विद्यालय भगवानगढ़ी में 488 में से 182 बच्चे घट गए। प्राथमिक विद्यालय सिधौली खुर्द बिजौली में 242 में से 126, प्राथमिक विद्यालय उमरी चंडौस में 268 में से 126, प्राथमिक विद्यालय पिलखना अकराबाद में 322 में 121, प्राथमिक विद्यालय रठगांव जवां में 479 में से 120, प्राथमिक विद्यालय नगला मानसिंह लोधा में 535 में से 117, उच्च प्राथमिक विद्यालय कजरौठ में 339 में से 112, उच्च प्राथमिक विद्यालय शाहजहांबाद में 259 में से 105, प्राथमिक विद्यालय क्वार्सी में 358 में से 103 बच्चे घट गए।
इसी तरह अन्य विद्यालयों में 98 से लेकर चार बच्चों के नामांकन में कमी आई है। इस संबंध में बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तीन वर्षों में भेजे गए कंपोजिट ग्रांट व एमडीएम की धनराशि के लिए जांच दिए गए थे, जिनकी जांच चल रही है।
अनुपस्थित 40 शिक्षकों को नोटिस
अलीगढ परिषदीय विद्यालयों में सात से 19 मई तक हुए निरीक्षण में 40 शिक्षक अनुपस्थित मिले। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग के बीईओ, मेडिकल ऑफिसर, चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर ने विकास खंड इगलास, गोंडा, धनीपुर, खैर, अकराबाद, अलीगढ़, बिजौली, लोधा, जवां के विद्यालयों में निरीक्षण किया था। निरीक्षण में गैरहाजिर मिले सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी करके उनसे जवाब मांगा गया है।