Aligarh News: ई- रिक्शा फैक्टरी के दो मंजिला गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
खैर बाईपास रोड पर स्थित एक ई-रिक्शा फैक्टरी के गोदाम में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लाखों के सामान के जलने की आशंका है।
विस्तार
अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी क्षेत्र के खैर बाईपास रोड स्थित देवनगर पर सोमवार को एक ई-रिक्शा, ऑटो व कूलर फैक्टरी के दो मंजिला गोदाम में भीषण आग लग गई। आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल की तीन गाडि़यों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के गली नंबर दो सारसौल चौराहा निवासी राकेश शर्मा की ज्योति इंटर प्राइजेज के नाम से खैर बाईपास रोड स्थित देवनगर में फैक्टरी है। यहां ई-रिक्शा, ऑटो व कूलर की बिक्री व निर्माण का काम होता है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब दस बजे फैक्टरी के दो मंजिला गोदाम में अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी परिसर में रखे सामान को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला। ई-रिक्शा की बैटरियों और टायर आदि में आग लगने के कारण हालात विकराल होते चले गए। धुएं के गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा गया। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा दमकल की तीन गाडि़यां मौके पर पहुंच गईं।
गोदाम के बेसमेंट में आग धधकने और उस पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फर्म स्वामी राकेश शर्मा के अनुसार आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। आग में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।