विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नेताओं ने मुख्य मार्गों से कंकड़-पत्थर हटाकर एवं गड्ढों को भरवाकर शिव भक्तों की राह को आसान बनाने की मांग जिला प्रशासन से की है। 11 मार्च को महाशिवरात्रि है। इसे लेकर बजरंग दल का एक प्रतिनिधि मंडल एडीएम सिटी राकेश मालपानी से मिला। कांवड़ियों के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की।
बजरंगदल के संयोजक गौरव शर्मा ने कहा कि महानगर से हजारों की संख्या में भक्त कांवड़ लेकर गुजरते हैं। उनके लिए समुचित इंतजाम किया जाए। खेरेश्वर धाम एवं अचलेश्वर मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने, पथ प्रकाश व्यवस्था एवं एंबुलेंस की व्यवस्था करने की प्रशासन से मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ता प्रशासन का सहयोग करने को तैयार हैं। गौरव शर्मा ने बताया कि एडीएम सिटी ने कांवड़ियों के लिए पर्याप्त इंतजाम करने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधि मंडल में महानगर अध्यक्ष शेखर शर्मा, रितेश वर्मा, अमित भारद्वाज, अजय गुप्ता, गोपाल, उत्कर्ष आदि शामिल थे।