जिले में लंपी डिजीज के बढ़ते प्रकोप को लेकर अलीगढ़ पहुंचे विशेष सचिव पशुधन विभाग देवेंद्र कुमार पांडेय दूसरे दिन बुधवार को खैर एवं टप्पल ब्लॉक के गांवों में पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पशुपालकों से बातचीत कर हाल-चाल जाना। उव्होंने तहसील खैैर में तहसीलदार, बीडीओ, एडीओ, पंचायत सेक्रेटरी, पशुपालन विभाग से जुड़े कर्मचारी एवं अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस दौरान अफसरों ने बताया कि लंपी स्किन डिसीज पशुओं मुख्यत: गोवंश को प्रभावित कर रहा है। जिले में इसके लिए 70 हजार वैक्सीन उपलब्ध कराई जा चुकीं हैं। विशेष सचिव ने खैर के रतनपुर एवं टप्पल के कृपालगढ़ी गांव में पहुंचकर बीमारी के बारे में जानकारी ली। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि लंपी से अब तक 3900 पशु प्रभावित हैं। जबकि 79,523 पशुओं को संदिग्ध की श्रेणी में रखा गया है। 38 सैम्पल जांच के लिए मथुरा भेजे गये हैं। 38 टीमों ने अब तक 18,990 पशुओं को वैक्सीन लगा दी है।