सिंचाई का झगड़ा: अनुसूचित जाति की महिला के साथ अभद्रता, कपड़े भी फाड़े, परिवार के युवकों से मारपीट
पीड़ितों का आरोप है कि उनके परिवार की एक महिला को खेत में गिराने के साथ ही कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर दिया गया। ंथाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विस्तार
अलीगढ़ में हरदुआगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी बारी आने पर रजबहा से सिंचाई के लिए पानी ले रहे अनुसूचित जाति के दो युवकों को जमकर पीटा गया। इतना ही नहीं फायरिंग भी की गई। आरोप है कि मारपीट करने वालों ने मौके पर पहुंची इन युवकों के परिवार की एक महिला के कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा है। इस मामले में चार नामजद लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
बुढ़ासी क्षेत्र के एक गांव के निवासी दो चचेरे भाई अपनी बारी आने पर रजबहा के सरकारी कुलाबे से अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान विनय उर्फ बीलू ने पानी काटकर अपने खेतों में लगाना शुरू कर दिया। इस बात का दोनों चचेरे भाइयों ने विरोध किया।
आरोप है कि इस पर विनय ने गाली- गलौज और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। साथ में अपने परिवार के लोगों को बुला लिया। इसके बाद डंडे और फावड़े से दोनों को मारना शुरू कर दिया। लाइसेंसी रायफल से फायर भी झोंका गया जो मिस हो गया।
पीड़ितों के अनुसार आरोपियों ने उनके परिवार की एक महिला को खेत में गिराने के साथ कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर दिया और छेड़खानी की। चीख-पुकार मचने पर गांव के लोग दौड़कर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी विनय उर्फ बीलू, कोमल, मनवर तथा टेनू उर्फ अनुज के विरुद्ध मारपीट, जानलेवा हमला, एससी-एसटी एक्ट, निर्वस्त्र करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।