Aligarh News: एडीएम को ही बेच दिया फंगस लगा मिल्क केक, भरे नमूने, भेजे प्रयोगशाला, जांच जारी
एडीएम प्रशासन के यहां पर स्टाफ में करीब 30 लोगों को मिठाई दी गई थी। विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि मिठाई की यह खेप अन्य कितनी जगह तक पहुंची होगी।
विस्तार
दिवाली के त्योहार के अवसर पर एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने शहर के नामचीन सेंटर पॉइंट स्थित विकास स्वीट्स से मिल्क केक खरीद कर अपने स्टाफ और आवासीय कर्मचारियों को भेंट किया। स्टाफ ने जब डिब्बा खोला तो उसमें फफूंद लगी मिली। सड़न के साथ बदबू भी आ रही थी। मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को विकास स्वीट्स पहुंच कर मिल्क केक का नमूना भरा, जिसे जांच के लिए भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त-2 दीनानाथ यादव ने बताया कि एडीएम प्रशासन की ओर से 18 अक्तूबर को यह मिठाई विकास स्वीट्स से खरीदी और स्टाफ को बांट दी थी। दो दिन बाद दिवाली पर जब स्टाफ ने मिठाई के डिब्बे खोले, तो उन्हें मिठाई में फफूंद लगी मिली। त्योहार के कारण कर्मचारियों ने तत्काल कोई शिकायत नहीं की, लेकिन बाद में यह बात एडीएम प्रशासन के संज्ञान में आई। एडीएम प्रशासन ने सभी डिब्बों की जांच कराई, जिसमें पाया गया कि लगभग सभी मिठाई में फफूंद और सड़न थी। घटना की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को दी गई। इसके बाद विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की और दुकानदार की मौजूदगी में मिल्क केक के नमूने भरे।
सेंटर पॉइंट स्थित विकास स्वीट्स के मिल्क केक में फफूंद का मामला सामने आया है। मिठाई के सैंपल ले लिए गए हैं और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। - डॉ. दीनानाथ यादव, सहायक आयुक्त-2, खाद्य सुरक्षा विभाग
खाद्य सुरक्षा विभाग जो भी कार्रवाई कर रहा है उसमें हमारे द्वारा पूरा सहयोग किया जाएगा। जो भी जानकारी मांगी जाएगी दी जाएगी। - नकुल बढेरा, विकास स्वीट्स
कितने लोगों तक पहुंची मिठाई, विभाग कर रहा जांच
एडीएम प्रशासन के यहां पर स्टाफ में करीब 30 लोगों को मिठाई दी गई थी। विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि मिठाई की यह खेप अन्य कितनी जगह तक पहुंची होगी।
फूड प्वाइजनिंग की हो सकती है शिकायत
मलखान सिंह जिला अस्पताल के पूर्व फिजिशियन डॉ. यशपाल रावल कहते हैं कि फफूंद और सड़न लगी मिठाई से फूड प्वाइजनिंग, पेट खराब होना और इसके कारण बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस तरह की खाद्य सामग्री से बचना चाहिए।
ठंडी जगह पर 15 दिन तक सुरक्षित
केटरिंग का कार्य करने वाले दुर्गाप्रसाद कहते हैं कि मिल्क केक को अगर ठंडी और सूखी जगह पर स्टोर किया जाए तो यह सात से 15 दिन तक सुरक्षित रह सकता है। इसको खोले जाने के दो दिन के अंदर ही उपयोग कर लिया जाना बेहतर होता है। बताया गया है कि मिल्क केक के डिब्बे पर इसके उपयोग की निर्धारित अवधि भी लिखी हुई थी। मामला प्रशासन से जुड़ा होने के कारण विभाग अब प्रत्येक पहलू पर जांच कर रहा है।