रविवार को कोरोना कर्फ्यू के बीच भी ब्लॉक लोधा पर प्रत्याशी अपने साथ ट्रैक्टरों और कारों में लोगों की भीड़ लेकर पहुंचे। इस कारण ब्लॉक पर खासी भीड़ जमा हो गई। कुछ का हाल तो यह था कि कोविड 19 के सभी नियमों को भूल कर खुले में दावत करने लगे।
भीड़ को एकत्रित कर पूड़ी, सब्जी, कोल्डड्रिंक बांटी जाने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख प्रत्याशी व समर्थक खाने पीने का सामान छोड़कर भाग गए। पुलिस ने अलग-अलग चार जगह से पूड़ी, सब्जी, लड्डू आदि जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा ने बताया कि धारा 144 और 188 के तहत अमरपुर नेहरा निवासी राकेश पुत्र देवीराम, मौनी नगरिया निवासी शेरपाल पुत्र जगवीर सिंह, पला निवासी बच्चू सिंह पुत्र सोहन पाल व शहरी मदन गढ़ी निवासी कृपाल सिंह पुत्र घूरे सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है व एक कार को भी सीज कर दिया गया है।