जीपीएफ में पांच करोड़ का घोटाला: आजमगढ़ के संयुक्त शिक्षा निदेशक पर अलीगढ़ में केस दर्ज,यह है मामला
जीपीएफ का यह घोटाला वर्ष 2020 में तब सामने आया जब टप्पल के शिक्षक जगदीश प्रसाद के खाते में 35 बार में 34 लाख रुपये भेजे गए। इसके बाद जिला स्तर पर जांच शुरू हुई। जांच में तत्कालीन अधिकारियों और पटल सहायकों की संलिप्तता सामने आई थी।
विस्तार
करीब पांच करोड़ के घोटाले में आजमगढ़ में तैनात संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) दिनेश सिंह पर अलीगढ़ में केस दर्ज किया गया है। विभागीय जांच में पुष्टि के बाद यह कार्रवाई की गई। शिक्षा विभाग में 2003 से 2013 तक शिक्षकों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खातों में पांच करोड़ रुपये का घोटाला हुआ था।
इसमें अपर मुख्य सचिव बेसिक की जांच के बाद मंगलवार को बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह ने उस अवधि में अलीगढ़ में तैनात रहे 11 बीएसए, 30 बीईओ, 10 वित्त अधिकारी समेत 61 अधिकारियों और कर्मचारियों के पद नाम से बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आजमगढ़ तैनात वर्तमान जेडी दिनेश सिंह का भी नाम शामिल है।
अलीगढ़ में वर्ष 2003 से 2013 तक 520 शिक्षकों के डमी खाते खोले गए। इसके बाद उनमें चार करोड़ 92 लाख 39 हजार 749 रुपये का लेनदेन किया गया। जबकि शिक्षक न तो आवेदन करते थे न ही बीएसए कार्यालय आते थे। कुछ मामलों में जब शिक्षक के खाते में पैसे आ जाते तब कार्यालय का कर्मचारी उनके पास जाकर गलती से खाते में पैसा आ गया कहकर वापस करने को कहता। इसके बाद शिक्षक बैंक से पैसे निकालकर कर्मचारी को दे देते थे। कुछ डमी खातों में से आरोपी पैसे निकाल कर उसका उपयोग करते रहे।
शिक्षक के खाते में 35 बार में 34 लाख रुपये भेजे तो हुआ खुलासा
जीपीएफ का यह घोटाला वर्ष 2020 में तब सामने आया जब टप्पल के शिक्षक जगदीश प्रसाद के खाते में 35 बार में 34 लाख रुपये भेजे गए। इसके बाद जिला स्तर पर जांच शुरू हुई। जांच में तत्कालीन अधिकारियों और पटल सहायकों की संलिप्तता सामने आई थी। इस दौरान अलीगढ़ में बीएसए के रूप में दिनेश सिंह ने भी कार्य किया था। इनकी संलिप्तता भी प्रकाश में आई। इस मामले में अब उनके ऊपर भी अलीगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं विभाग की मानें तो जिस समय यह मामला प्रकाश में आया था उस समय वर्तमान संयुक्त निदेशक (जेडी) दिनेश सिंह ही अलीगढ़ में बीएसए थे। वह 26 नवंबर 2002 से 23 जनवरी 2004 तक वहां पर कार्यरत रहे।
जीपीएफ घोटाले के प्रकरण में क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है। जेडी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, इस बारे में अभी पता नहीं। पता करते हैं क्या मामला है। -डॉ. महेंद्र देव, शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा परिषद।