फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Firing and stone throwing in Chandaniya and Sarai man singh on Bhaidooj.

भाई दूज पर सराय मान सिंह और चंदनिया में खूब चले पत्थर और तमंचे

Wed, 30 Oct 2019 01:51 AM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Wed, 30 Oct 2019 01:51 AM IST
विज्ञापन
Firing and stone throwing in Chandaniya and Sarai man singh on Bhaidooj.
जयगंज स्थित समना पाड़ा व सराय मिश्र में हुए पथराव के बाद घटना स्थल पर जानकरी करते पुलिस कर्मी। - फोटो : CITY OFFICE
सुकून से निपटे पांच दिवसीय त्योहार के आखिरी दिन यानी मंगलवार को भाई दूज की शाम और रात जमकर बवाल हुआ। शहर के मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील मोहल्ला सराय मान सिंह सब्जी मंडी रोड पर शाम को और चंदनिया में रात को दो अलग-अलग घटनाओं में मारपीट के दौरान जमकर पथराव हुआ और तमंचों से हवाई फायरिंग तक की गई। इस दौरान करीब तीस मिनट तक दोनों ही इलाकों में माहौल अराजक बना रहा और दहशत के चलते लोग घरों में कैद हो गए। सराय मान सिंह के झगड़े में एक युवक, जबकि चंदनिया के झगड़े में तीन-चार युवक जख्मी हुए हैं, जबकि बाकी घायल पुलिस कार्रवाई के डर से गायब हैं। सराय मान सिंह में तो पथराव में त्योहार पर रिश्तेदारियों में घूमने आए कई लोगों के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों जगह खबर पर पहुंची पुलिस ने लोगों को दौड़ाया, तब स्थिति नियंत्रित हुई।
विज्ञापन

केस - 1
दूसरे मोहल्ले में फोन पर बतियाना पड़ा भारी
सासनी गेट के सराय मान सिंह में शाम करीब 7 बजे हुई घटना का वाकया इस तरह बताया गया है कि सराय मिश्र निवासी माहौर समाज का देवेंद्र उर्फ देवा पुत्र भोजराज कहीं से लौट रहा था, तभी वह सराय मान सिंह वाल्मीकि बस्ती में होकर निकल रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल बजने लगा तो उसने वहीं रुककर वाल्मीकि समाज के ही एक व्यक्ति के दरवाजे पर खड़े होकर बात करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी बात पर वहां वाल्मीकि समाज के चार-पांच युवक आए और उसे यह कहकर टोका कि यहां क्यों खड़ा है और यहीं खड़े होकर क्यों बात कर रहा है। दोनों पक्षों में तनातनी पर मारपीट तक हो गई। इस पर देवा ने वहां से दौड़कर खुद को बचाने का प्रयास किया तो वाल्मीकि युवक उसके पीछे भागे, जब वह अपने मोहल्ले में पहुंचा तो उसके समर्थन में उसके मोहल्ले के युवक आ गए। इस पर दोनों ओर से तनातनी के बीच राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और सब्जी मंडी के मध्य जमकर पथराव हुआ। करीब तीस मिनट तक वहां अराजक माहौल के बीच गुरिल्ला युद्ध जैसे हालात बने रहे। इस दौरान तीन-चार राउंड हवाई फायरिंग तक की गई। जिसके चलते वहां रहने वाले लोग दहशत में आ गए और खुद को घरों में कैद कर लिया। इसी बीच सासनी गेट पुलिस के साथ-साथ कोतवाली पुलिस, क्यूआरटी आदि भी पहुंच गई। एक दूसरे पर हमलावर हो रहे युवकों को दौड़ाया, तब स्थिति नियंत्रित हुई। इस दौरान एक वैगनआर कार, एक स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक-दो बाइक व एक अन्य कार के भी शीशे आदि टूट गए। यह वाहन त्योहार पर आए रिश्तेदारों के बताए गए हैं। बाद में देवा ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है, जिसमें रास्ते से निकलते समय मारपीट करने का आरोप है। फिलहाल पुलिस दूसरी तहरीर का भी इंतजार कर रही है। एसएसआई सासनी गेट के अनुसार जो भी तहरीर मिलेगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

शराब और जुआ इस फसाद की असली जड़
बेशक विवाद के मूल में रास्ते से निकलना या फोन पर बात करना बताया जा रहा है, मगर आसपास रहने वाले लोग कहते हैं कि यह इन दोनों मोहल्लों का आए दिन का किस्सा है। यहां दिन निकलते ही दोनों मोहल्लों में ब्याज पर काम करने वाले युवक शराब व जुए की गिरफ्त में आ जाते हैं, फिर उनमें दोपहर बाद आते आते झगड़े होते हैं। इलाके का माहौल इस कदर खराब कर रखा है कि भले लोग वहां रहना पसंद नहीं करना चाहते। कई मर्तबा पुलिस को बताया गया है, मगर पुलिस स्तर से ठोस कदम नहीं उठाए जाते। मंगलवार शाम का झगड़ा भी जुआ व शराब के विवाद की देन है। इनमें सुबह से चली आ रही तनातनी में शाम को झगड़ा हुआ, जिससे माहौल बिगड़ गया। अब बात रास्ते के विवाद की बताई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

केस - 2
नुक्कड़ की दुकान पर रंगबाजी फसाद की जड़
क्वार्सी के चंदनिया में रात करीब 10 बजे हुई घटना को लेकर बताया गया है कि मोहल्ले की वाल्मीकि बस्ती का युवक साजन गली के नुक्कड़ की दुकान पर सामान लेने गया था। वहां सैनी-लोधी समाज के कुछ युवक भी खड़े हुए थे। साजन का आरोप है कि उन्होंने यह कहते हुए रंगबाजी दिखाना शुरू किया कि तू यहां क्यों सामान लेने आया है। वहीं सैनी-लोधी समाज के युवकों का आरोप है कि साजन ने उनके खड़े होने और वहां खड़े होकर शराब पीकर उत्पात करने का आरोप लगाते हुए रंगबाजी दिखाई। इसी बात पर दोनों पक्षों में तनातनी शुरू हुई और मारपीट हो गई। बस कुछ ही देर में दोनों ओर से जमकर पथराव एक दूसरे की गलियों में घुसकर किया गया और आधा दर्जन राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। इस मारपीट व पथराव में वाल्मीकि समाज से साजन के सिर में चोट है, जबकि दिलीप के हाथ में छर्रे लगे हैं। वहीं दूसरी ओर से मुकेश सहित तीन-चार युवक जख्मी हुए हैं। खबर पर क्वार्सी पुलिस व क्यूआरटी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने पर दोनों पक्षों के लोग तितर-बितर हो गएए मगर पथराव के बाद गली में बिछे पड़े पत्थरों को देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता था कि यहां 30 मिनट तक किस कदर अराजक माहौल रहा होगा। फिलहाल यहां फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले में अभी साजन खुद तहरीर देने पहुंचा है, जबकि दूसरी ओर से पुलिस को तहरीर का इंतजार है। पुलिस ने दोनों ओर से कुछ युवक भी हिरासत में लिए हैं। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार मामले में दोनों पक्षों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तुर्कमान गेट, बाबरी मंडी, शीशियापाड़ा और अब सराय मान सिंह-चंदनिया
पिछले तीन-चार साल से शहर में दीपावली, गोवर्धन और भाईदूज पर झगड़े होते आ रहे हैं। पूर्व में हुए झगड़ों ने सांप्रदायिक रंग लिया, मगर इस बार सब कुछ ठीक रहा तो सराय मान सिंह में वाल्मीकि व माहौर समाज और चंदनिया में वाल्मीकि व सैनी-लोधी समाज के लोग भिड़ गए। पूर्व के सालों पर गौर करें तो चार साल पहले तुर्कमान गेट पर गोवर्धन पूजा की शाम छेड़खानी ने सांप्रदायिक फसाद कराया, जिसमें एक युवक की जान गई। उसके बाद तीन साल पहले बाबरी मंडी में भी छेड़खानी ने ही फसाद कराया और पुलिस को भी फायरिंग तक करनी पड़ी थी। पिछले साल छेड़खानी में ही शीशियापाड़ा पर विवाद हुआ था। इस साल सब सही से निपट रहा था कि भाईदूज की शाम सराय मान सिंह में और रात को चंदनिया में फसाद हो गया।
भाई दूज कर लौट रही महिला को शोहदे ने चाकू मारकर किया घायल
क्वार्सी के रामघाट रोड की घटना, हमले में महिला की बच्ची भी हुई घायल
महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित गंदा नाला के पास एक महिला और उसकी ढाई साल की बेटी को शोहदे ने चाकू मारकर घायल कर दिया। महिला अपने पति औैर बच्ची के साथ भाई दूज कर घर लौट रही थी। दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।

क्वार्सी इलाके के रहने वाले पीड़िता के पति ने बताया कि शोहदा उसका पड़ोसी है। गत 24 अक्तूबर को उसने घर में अकेली पत्नी संग छेड़खानी कर दी थी। मामले में थाना पुलिस को शिकायत भी सौंपी थी। मगर, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वाकया मंगलवार शाम पांच बजे करीब का है। वह पत्नी और बेटी के साथ ससुराल से लौट रहा था। तभी गंदा नाला के पास उक्त आरोपी ने उसे बहाने से रोक लिया। 24 अक्तूबर की घटना को लेकर क्षमा मांगने लगा। इस बीच कुछ बहसबाजी हुई तो उसने जेब से चाकू निकालकर पत्नी के पेट और गले पर वार कर दिया। हमले में पत्नी बेटी के भी पेट में चाकू लगे हैं। आरोपी मौके से फरार हो गया। पत्नी और बच्ची को क्वार्सी के निजी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। आरोपी के खिलाफ क्वार्सी थाने में नामजद तहरीर दी है। क्वार्सी इंस्पेक्टर विनोद कुमार के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मिली तहरीर के आधार पर मामले की तफ्तीश की जा रही है। आरोपी अभी फरार है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

जयगंज स्थित समना पाड़ा व सराय मिश्र में  हुए पथराव के बाद घटना स्थल खड़ी छतिग्रस्त गाड़ी।

जयगंज स्थित समना पाड़ा व सराय मिश्र में हुए पथराव के बाद घटना स्थल खड़ी छतिग्रस्त गाड़ी।- फोटो : CITY OFFICE

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed