किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की बैठक बृहस्पतिवार को चंडौस ब्लॉक परिसर में हुई। बैठक में किसानों ने बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान सहित अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के बाद संगठन की ओर से सात सूत्री ज्ञापन एसडीएम गभाना के नाम बीडीओ विजय तिवारी को सौंपा गया। ज्ञापन में प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने, क्रय केंद्रों को शीघ्र चालू कराने की मांग की गई। इसके अलावा पिसावा स्थित बायोफ्यूल कंपनी को हटाने, कस्बे की नई बस्ती स्थित पोखर का सुंदरीकरण कराने तथा नई बस्ती के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने की भी मांग उठाई गई। जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। इस दौरान गुलजार बापू, कृपाल सिंह, मुस्तकीम पठान, रामपाल सिंह, देवीचरन आदि मौजूद रहे।