केला नगर की पत्थर वाली गली में सात वर्षीय रेशमा पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। जीवनगढ़ निवासी मोहम्मद कासिम की बेटी रेशमा, घर से निकलकर दुकान से सामान लेने आ रही थी, तभी कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास खड़े लोगों ने दौड़कर उसे बचाया।
घायलावस्था में उसे मलखान सिंह जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया। वार्ड नंबर- 57 के पार्षद शाहिद मलिक ने कहा कि आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए कई बार नगर आयुक्त से अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे पहले इन आवारा कुत्तों ने एक बच्चे पर हमला कर दिया था।