{"_id":"5f9b1d2e8ebc3e9bf4622efe","slug":"district-nodal-officer-and-pwd-principal-secretary-reprimanded-jal-nigam-aligarh-news-ali247539985","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिले के नोडल अधिकारी व पीडब्ल्यूडी प्रमुख सचिव ने जल निगम को लगाई फटकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जिले के नोडल अधिकारी व पीडब्ल्यूडी प्रमुख सचिव ने जल निगम को लगाई फटकार
Fri, 30 Oct 2020 01:21 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
Published by: अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Fri, 30 Oct 2020 01:21 AM IST
विज्ञापन
नोडल अधिकारी को नगर की समस्याओं से अवगत कराते समाजसेवी आगा यूनुस।
- फोटो : amar ujala
जिला के नोडल अधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने बृहस्पतिवार को दीनदयाल अस्पताल व हरदुआगंज के निरीक्षण के बाद जिले में सरकारी विभागों द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
विज्ञापन
इस दौरान जल निगम को लापरवाही के चलते कड़ी फटकार पड़ी तो जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों के लिए सराहना मिली। नोडल अधिकारी ने कोरोना के खात्मे तक कोविड हेल्पडेस्क, मास्क वितरण, सैनिटाइजेशन और कोरोना जांच के कार्य पर पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
विज्ञापन
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में नोडल अधिकारी ने पेयजल सप्लाई को लेकर जल निगम के अधिशासी अभियंता से सवाल किए तो उन्होंने बताया कि विभाग की 44 योजनाओं में रेट्रो फिटिंग हो गई है। नई परियोजनाएं पाइप लाइन में हैं। पाइप लाइन वाली बात पर नोडल अधिकारी ने जल निगम के कार्यों के प्रति गहरा असंतोष प्रकट करते हुए कार्यशैली में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि जनमानस में न तो विभाग की छवि अच्छी है और न ही विभाग द्वारा संतोषजनक कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने पाइप लाइन डालने के लिए किए गए खुदाई कार्य का गुणवत्तापूर्ण ढंग से समतलीकरण करने के सख्त निर्देश दिए। इधर, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि पेयजल योजना में 38 के सापेक्ष 22 पंप स्टेशन में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है, शेष स्टेशनों में भी शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इस पर उन्होंने जल्द ही कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर निगम की ओर से बताया गया कि शहर में चौराहों पर यातायात लाइटिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और 25 स्थानों पर प्रदूषण मापन यंत्र स्थापित कर दिया गया है।
कोरोना से बचाव के इंतजामों की सराहना
नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण ने कहा कि जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के नेतृत्व कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर सराहनीय कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम और सर्दी के मौसम में संक्रमण के संभावित उछाल से निपटने के लिए आने वाले समय में विशेष उपाय किए जाने की आवश्यकता है। समय-समय पर आरटीपीसीआर एवं एंटीजन जांच कराई जाए। प्रत्येक संक्रमित के औसतन 25 संपर्कियों का पता लगाकर उनकी जांच की जाए।
सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में आने वाले आईएलआई एवं सारी के मामलों की कोविड जांच की जाए। हाईरिस्क मरीजों का कोविड टेस्ट सुनिश्चित किया जाए। समय-समय पर वेंडर, ऑटो रिक्शा चालक, स्वास्थ्य कर्मी और कोविड हेल्पडेस्क पर पहचान किए गए लक्षणयुक्त व्यक्तियों की जांच अवश्य की जाए।
बंदीगृह में रहने वाले बंदियों, वृद्धाश्रम, बाल सुधार गृह, नारी निकेतन में रहने वाले व्यक्तियों की नियमित रूप से जांच की जाए। लोगों को मास्क पहनने, नियमित हाथ धोने, सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। आतिशबाजी एवं पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण के प्रति भी सचेत रहने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम, एडीएम सिटी, प्रशासन, वित्त एवं राजस्व सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।