Aligarh News: खेरेश्वर चौराहे पर बालाजी मंदिर तोड़ने की सूचना पर फूटा गुस्सा, हंगामा, जमकर हुई नारेबाजी
मंदिर पर एसडीएम कोल महिमा सिंह, सीओ गभाना, एनएचआइ के प्रोजेक्ट मैनेजर समेत तमाम प्रशासनिक अफसर पुलिस बल के साथ पहुंचे। इस बीच मंदिर को हटाए जाने की सूचना पर वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अलावा कई मंदिरों के महंत, करनी सेना, बजरंग बल समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी माैके पर पहुंच गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ में हाईवे के चाैड़ीकरण व फ्लाईओवर निर्माण में बाधक बन रहे खेरेश्वर चौराहा स्थित श्री बालाजी मंदिर को प्रशासन द्वारा जबरन हटाए जाने की सूचना पर 18 मई को स्थानीय श्रद्धालुओं व विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और प्रशासन व एनएचएआई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि प्रशाासनिक अफसरों ने आश्वासन दिया कि किसी की भी धार्मिक भावना को आहत नहीं किया जाएगा और बिना सहमति को मंदिर को यहां से दूसरे स्थान पर स्थापित नहीं किया जाएगा।
खेरेश्वर चाैराहे पर हर समय जाम लगने की समस्या के निदान के लिए फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। फ्लाईओवर निर्माण की परिधि में श्री बालाजी मंदिर भी आ रहा है। इस मंदिर को दूसरे स्थान पर स्थापित कराने के लिए एनएचआई की ओर से मंदिर समिति को नोटिस भेजा जा चुका है। इसको लेकर समिति के पदाधिकारी लगातार प्रशासनिक अफसरों के पास जाकर अपना पक्ष रखते हुए मंदिर को न हटाने का अनुरोध कर रहे हैं।
इसी क्रम में 18 मई को मंदिर पर एसडीएम कोल महिमा सिंह, सीओ गभाना, एनएचआइ के प्रोजेक्ट मैनेजर समेत तमाम प्रशासनिक अफसर पुलिस बल के साथ पहुंचे। इस बीच मंदिर को हटाए जाने की सूचना पर वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अलावा कई मंदिरों के महंत, करनी सेना, बजरंग बल समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी माैके पर पहुंच गए। उन्होंने मंदिर हटाने का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विकास कार्यों के नाम पर धार्मिक स्थल को बिना सहमति हटाया जाना जनभावनाओं को आहत करने वाला कदम है। उन्होंने सूबे की भाजपा सरकार पर भी तीखे सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि खुद को सनातन धर्म की हितैषी बताने वाली भाजपा सरकार के राज में मंदिरों को इस तरह निशाना बनाया जा रहा है। जनभावनाओं और आस्था का सम्मान करने की बजाय प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मंदिर को सुरक्षित रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के साथ निर्माण कार्य कराने की मांग उठाई। मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने स्पष्ट कहा कि मंदिर को किसी भी कीमत पर हटाने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने पिलर बेस पुल या अन्य वैकल्पिक निर्माण का मॉडल अपनाकर मंदिर को सुरक्षित रखने की मांग की।
करनी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र चौहान ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि मंदिर हटाने का प्रयास हुआ तो व्यापक विरोध किया जाएगा। गणेश मंदिर के महंत विनय नाथ ने कहा कि आस्था से जुड़े धार्मिक स्थलों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए। मंदिर समिति ने प्रशासनिक अफसरों को मंदिर से जुड़े सभी अभिलेख व दस्तावेज भी दिखाए। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए यहां माैजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और मंदिर समिति के सदस्यों से वार्ता कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका। इस अवसर पर अंशुल वार्ष्णेय, मुकेश वार्ष्णेय एडवोकेट, हैरी वार्ष्णेय, पुष्पेंद्र वार्ष्णेय, सचिन राघव, विष्णुकांत, दीपक राजपूत आदि समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु माैजूद रहे।
किसी की भी धार्मिक भावना को आहत नहीं किया जाएगा और बिना सहमति को मंदिर को यहां से किसी दूसरे स्थान पर स्थापित नहीं किया जाएगा। इसके लिए मंदिर समिति के पदाधिकारियों से लगातार बातचीत चल रही है, जल्द ही कोई न कोई स्थायी हल निकाल लिया जाएगा।- महिमा सिंह, एसडीएम कोल