दो लोगों की हत्या करके उनके शव अलग-अलग स्थानों पर पेड़ पर लटका दिए गए। इनमें से एक घटना पालीमुकीमपुर थाना क्षेत्र के गांव भमसोई और दूधमा के बीच पचासा बाग में हुई। यहां रायपुर खास निवासी मनोज अग्रवाल (30) मजदूरी करते थे। उनकी हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया गया। मनोज की माता सुशीला देवी अग्रवाल ने बताया कि गांव के ही रमेश, ओमकार बुधवार सुबह मनोज को घर से बुलाकर ले गए थे। परिजनों ने मनोज की काफी तलाश की, तभी पता चला कि पचासा बाग में मनोज कुमार का शव पेड़ पर लटका है। परिजनों का आरोप है कि रमेश व ओमकार ने गांव के ही बनार, उर्मिला, चाही राम के साथ मिलकर मनोज की हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसका शव बाग में पेड़ पर लटका दिया।
शहर के मोहल्ला नगाइचपाड़ा निवासी लालाराम (48) किसान थे। मंगलवार को मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। रात करीब नौ बजे उनका खून से लथपथ शव पिलखुनी नहर के निकट खेत में पेड़ पर लटका मिला। लालाराम के पुत्र विकास ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मंगलवार शाम उसके पिता को मोहल्ले में ही शराब ठेका के निकट दिनेश, हेमंत, वेगवती पत्नी मुकेश व राजश्री पत्नी राजवीर ने घेर लिया था। इन सब ने मिलकर लाठी डंडों व ईंट पत्थरों से उन्हें बुरी तरह मारा पीटा। घायल लालाराम जैसे-तैसे इन लोगों से बचकर अपने खेत पर पहुंच गए। लेकिन आरोपियों ने खेत पर पहुंचकर फिर पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। बाद में शव को रस्सी से बांधकर पेड़ पर लटका दिया। एसपी ग्रामीण पलाश बंसल के अनुसार दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और अलग-अलग थानों में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।

मनोज अग्रवाल का फाइल फोटो- फोटो : ATHROLI