भाजपा नेता के इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या, गुस्साए लोगों ने अलीगढ़-पलवल मार्ग किया जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के टप्पल मंडल के महामंत्री पं. विजय शर्मा के इकलौते बेटे नमन (16) की सोमवार की रात करीब दस बजे दरवाजे पर किसी ने गोली मार दी। घायल नमन को जेवर के कैलाश हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
11वीं का छात्र नमन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का कार्यकर्ता भी था। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य शेर सिंह के भतीजे की शादी समारोह में डीजे को लेकर लड़कों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें नमन ने दूल्हे के भाई का पक्ष लिया था। इसी विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है।
हत्या होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग भाजपा नेता के घर पर उमड़ पड़े। हत्या के बाद पुलिस अधिकारियों के न पहुंचने से गुस्साए लोगों ने देर रात अलीगढ़-पलवल मार्ग जाम कर दिया, जिससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। 24 घंटे के भीतर हत्यारोपी की गिरफ्तारी के आश्वासन पर एसओ टप्पल संजय पाण्डेय ने जाम खुलवाया। उधर मंगलवार को बाजार बंदी की भी घोषणा कर दी गई है।
भाजपा नेता शेर सिंह के भतीजे दीपक की सोमवार को कस्बे के एक मैरिज लान में हो रही थी। बताते हैं कि शादी समारोह में डीजे पर गाने को लेकर रात करीब सवा नौ बजे दूल्हे दीपक के भाई सूरज का पास के गांव उसरह के कुछ लड़कों से विवाद हुआ था।
नमन शर्मा ने इस झगड़े में सूरज का पक्ष लिया। इसी बीच कुछ लोगों ने विवाद शांत करा दिया था। रात करीब दस बजे नमन शर्मा अपने घर कस्बे के मोहल्ला पांच विसा लौटे। दरवाजे पर ही किसी ने उनको गोली मार दी। घायल नमन को परिजन जेवर के कैलाश हॉस्पिटल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दो बहनों के बीच इकलौता था नमन
भाजपा टप्पल के मंडल महामंत्री पं. विजय शर्मा का बेटा नमन शर्मा दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। इसी साल उसने जट्टारी कस्बे के श्रीजी पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। पढ़ने में होनहार नमन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का स्वयं सेवक भी था। देर रात जेवर से शव आते ही मां बेहोश होकर गिर पड़ी। बहनों का भी रो रोकर बुरा हाल था। एक ओर बेटे का शव और दूसरी ओर पत्नी व बेटियों की बदहवास स्थिति के बीच किसी तरह पिता स्वयं को संभालते और आंसू बहाते रहे।
बताते हैं कि शादी समारोह से लौटते समय हमलावर ने पीछा किया। वह बाइक से घर लौटा था। मोहल्ला पांच विसा में दरवाजे से महज पांच कदम की दूरी और जट्टारी चौकी से महज 300 मीटर की दूरी पर गोली मारकर हत्या की गई है। नमन की बाइक पास ही पड़ी थी। संकरी गली में बाइक दीवार के सहारे खड़ी थी।
सोफा चौकी पुलिस को भगाया
ऐसी भी संभावना जताई जा रही है कि पीछा कर रहे हमलावर से बचने के लिए नमन भागा होगा, लेकिन घर के अंदर नहीं घुस पाया। भाजपा नेता के बेटे की हत्या से लोगों में आक्रोश फैल गया। हत्या जैसी वारदात के बावजूद मौके पर एक दो घंटे तक पुलिस अधिकारी नहीं पहुंचे।
इससे गुस्साए लोगों ने अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब ढाई-तीन सौ लोगों की भीड़ जाम लगाए थी। यह बेहद व्यस्त मार्ग है, जिसके चलते सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भाजपा ब्रज प्रांत के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के मंत्री दिनेश एडवोकेट भी मौके पर पहुंच गए थे। पं. विजय शर्मा का परिवार सीधा साधा बताया जा रहा है। उनका विवादों से कभी कोई नाता नहीं रहा। नमन शर्मा भी सीधा था।
हत्या के करीब दो घंटे बाद तक जट्टारी चौकी और टप्पल थाना पुलिस तक मौके पर नहीं पहुंची थी। वारदात के बाद सोफा चौकी की पुलिस जाम की सूचना पर पहुंची तो लोगों का आक्रोश देखकर सोफा चौकी पुलिस उल्टे पांव लौट गई।
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर जाम
जाम लगाए लोगों का कहना था कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, सड़क जाम रहेगा, न ही कस्बे का बाजार खुलेगा। पड़ोसी गांव का हत्या आरोपी बताया जा रहा है। उधर पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भी लोगों में खासा आक्रोश रहा।