अलीगढ़: बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे दंपती से लूट, सिर पर ईंट से किया हमला, रिपोर्ट दर्ज
बाइक सवार दंपती जैसे ही शाम लगभग साढ़े सात बजे याकूतपुर पुलिया से करीब 200 मीटर आगे कायमपुर रोड पर पहुंचे। प्रेमकुमार की बाइक से बंधा सामान ढीला हो गया। प्रेमकुमार ने बाइक रोककर पत्नी के साथ सामान बांधकर ठीक करना शुरू किया। तभी खेतों से दो बदमाश निकलकर आ गए।
विस्तार
अलीगढ़ के महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के कायमपुर रोड पर दो बदमाशों ने बैटरी व्यापारी प्रेमकुमार और उनकी पत्नी रेखा देवी से बुधवार रात लूटपाट की। दंपती अपनी बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे। बदमाशों ने प्रेमकुमार के सिर पर ईंट से जानलेवा हमला किया। रेखा देवी का मुंह दबाकर बदमाश उनका मंगलसूत्र, मोबाइल और पर्स लूटकर भाग गए।
बन्नादेवी क्षेत्र के बरौला जाफराबाद निवासी प्रेमकुमार बैटरी का कारोबार करते हैं। उनकी बेटी की 24 नवंबर को शादी है। बुधवार को भाई दूज के अवसर पर वे अपनी पत्नी रेखा देवी के साथ गंगीरी स्थित ससुराल गए थे। वहां पत्नी ने भाइयों को टीका किया और बेटी की शादी के कार्ड वितरित किए। देर शाम दोनों बाइक पर सवार होकर वापस अलीगढ़ लौट रहे थे। जीटी रोड पर धनीपुर एयरपोर्ट के पास याकूतपुर गांव होकर शहर आने वाले संपर्क मार्ग पर वे शॉर्टकट के चक्कर में चले गए थे। इस मार्ग पर दिन छिपने के दौरान आवागमन काफी कम हो जाता है। इस मार्ग पर कई स्थान शाम व रात के समय सूनसान हो जाते हैं।
प्रेमकुमार के भतीजे संजू वर्मा की तहरीर पर महुआखेड़ा थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा। - आदित्य बंसल, एसपी सिटी
विज्ञापन विज्ञापन
बाइक रोकते ही किया हमला
बाइक सवार दंपती जैसे ही शाम लगभग साढ़े सात बजे याकूतपुर पुलिया से करीब 200 मीटर आगे कायमपुर रोड पर पहुंचे। प्रेमकुमार की बाइक से बंधा सामान ढीला हो गया। प्रेमकुमार ने बाइक रोककर पत्नी के साथ सामान बांधकर ठीक करना शुरू किया। तभी खेतों से दो बदमाश निकलकर आ गए। आरोप है कि एक बदमाश ने करीब आते ही प्रेमकुमार के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे बदमाश ने रेखा देवी का मुंह कपड़े से दबा दिया और धमकाते हुए उनका मंगलसूत्र, मोबाइल व पर्स लूट लिया।
आधे घंटे तक धमकाकर की लूटपाट
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक उन्हें धमकी देकर आतंकित रखा। वे उनसे और अधिक नकदी और आभूषण निकालकर देने की मांग कर रहे थे। इसके बाद बदमाश खेतों के रास्ते भाग गए। प्रेमकुमार किसी तरह पत्नी को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने प्राथमिक उपचार कराया और परिजन व पुलिस को सूचना दी। उनके सिर में कई टांके आए हैं। पर्स में लगभग तीन हजार रुपये बताए गए हैं।
फुटेज खंगाले, पांच संदिग्ध हिरासत में
वारदात की जानकारी मिलने पर एसएसपी नीरज जादौन देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी नहीं लगे। इसके चलते पुलिस घटनास्थल वाले खेत की ओर आने-जाने वाले मार्गों व आसपास के गांव में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने इस मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
