Aligarh: बस और हाइड्रोजन गैस टैंकर में भिड़ंत, हुआ गैस रिसाव, पहुंची दमकल
अलीगढ़ के इगलास में रोडवेज बस और हाइड्रोजन गैस टैंकर आपस में भिड़ गए, जिससे हाइड्रोजन गैस टैंकर पलट गया। टैंकर में से गैस का हिसाब होने लगा है। दमकल ने पहुंचकर पानी का छिड़काव शुरू कर दिया है।
विस्तार
5 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर गंग नहर और तेहरा के बीच रोडवेज बस से टकराकर हाइड्रोजन गैस से भरा टैंकर सड़क किनारे खंती में पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ दमकल कर्मी पहुंच गए। दमकल कर्मी और चार क्रेनों की मदद से टैंकर का खंती से सुरक्षित सड़क पर लाकर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। गनीमत रही कि बस में भी किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
बताते हैं कि हाइड्रोजन गैस से भरा यह टैंकर गुजरात से काशीपुर (उत्तराखंड) जा रहा था। वही अलीगढ़ से मथुरा डिपो की बस मथुरा जा रही थी। एक कार को ओवरटेक करते समय रोडवेज बस सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। इससे हाइड्रोजन गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया।
सूचना पर कोतवाल सुरेंद्र कुमार पांडेय और दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए। टैंकर से गैस का रिसाव रोकने के लिए दमकल से पानी डाला गया। इसके बाद चार क्रेनों की मदद से टैंकर को खंती से बाहर निकाला गया। सीओ डॉ. केजी सिंह के अनुसार दोनों वाहनों के टकराने पर किसी भी वाहन के चालक अथवा सवारी के चोट नहीं आई है। रोडवेज बस को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा कराया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।