पिछले 18 साल में आया बड़ा बदलाव: अलीगढ़ के विकास ने छुआ आसमान, तांगा-टेंपो से लेकर हवाई उड़ान
खेत और खलिहान के बीच पक्षियों को उड़ते लोगों ने तमाम बार देखा लेकिन जब 11 मार्च 2024 को धनीपुर एयरपोर्ट से पहले चरण में 19 सीटर विमान ने पहली बार उड़ान भरी तो हजारों आंखें आसमान की ओर थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किसी भी शहर के विकास में परिवहन व्यवस्था अहम भूमिका निभाती है। शहरवासियों ने तांगा, बैलगाड़ी को दौड़ते खूब देखा। जमाना बदला तो पिछले 18 सालों में जिंदगी का यह सफर तांगे से लेकर टेंपो, बस, ई-बस को दौड़ते देखा, मगर अब अलीगढ़ के आसमान में हवाई जहाज उड़ान भर रहा है। यहां के लोगों ने इसकी कल्पना कभी नहीं की थी।
अपना जिला तेजी से विकास कर रहा है। बहुत चीजें बदल गई हैं। खेत और खलिहान के बीच पक्षियों को उड़ते लोगों ने तमाम बार देखा लेकिन जब 11 मार्च 2024 को धनीपुर एयरपोर्ट से पहले चरण में 19 सीटर विमान ने पहली बार उड़ान भरी तो हजारों आंखें आसमान की ओर थीं। सिटी मजिस्ट्रेट रामशंकर ने बताया कि दूसरे चरण में यहां से 90 सीटर विमानों के जरिये दूसरे शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू होगी। यहां एयरबस-320 एवं बोइंग-737 जैसे सबसे बड़े विमान भी उतर सकेंगे।
नई ट्रेनों के ठहराव की आस हुई पूरी
देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गो में से एक दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर अलीगढ़ जंक्शन पर यात्रियों की नई ट्रेनों के ठहराव की मांग पूरी होती दिखी। यात्रियों की मांग पर यहां ईएमयू, टूंडला -पलवल, वंदे भारत, अलीगढ़-कानपुर मेमू, कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस को ठहराव मिल चुका है। हालांकि अभी तक बिहार संपर्क क्रांति, राजधानी के ठहराव की मांग अभी पूरी नहीं हो सकी है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार यात्रियों की संख्या के अनुरूप नई ट्रेनों के ठहराव व सुविधाओं की बेहतरी के लिए प्रयास जारी हैं।
बाईपास पर बनेगा नया बस स्टैंड
शहर के गांधीपार्क बस स्टैंड के बंद हो जाने के बाद मसूदाबाद व सारसाैल सेटलाइट के रोडवेज बस स्टैंड पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं। हालांकि शहर की बढ़ती आबादी व जाम की समस्या को देखते हुए रोडवेज ने हाईवे बाईपास पर नया बस स्टैंड बनाने का निर्णय लिया है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि आगामी समय में नई रोडवेज बसें मिलने जा रही हैं। जिससे लोकल रूटों पर ग्रामीणों को यातायात का सुगम साधन उपलब्ध हो सकेगा ।
खास बातें
- धनीपुर एयरपोर्ट से अलीगढ़ -लखनऊ के लिए सप्ताह में पांच दिन हो रही है उड़ान सेवा
- एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का काम लगातार जारी है
- अलीगढ़ रेलवे स्टेशन ए श्रेणी में शामिल है। स्टेशन पर 108 ट्रेनों का होता है ठहराव। इनमें 64 सुपरफास्ट, 18 एक्सप्रेस व 26 पैसेंजर ट्रेनें शामिल
- अलीगढ़ परिक्षेत्र में रोडवेज की 680 बसें संचालित हो रही हैं।
- अलीगढ़ में कुल वाहनों की संख्या - 14 ,20,879
- स्कूटर, मोपेड, मोटर साईकिल- 06,40,994
- कार, जीप, बस, ट्रैक्टर - 3,04,668