{"_id":"67e12e35b812f7bbc0047ae1","slug":"bhabiji-ghar-par-hain-writer-manoj-santoshi-passed-away-2025-03-24","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Manoj Santoshi: सीरियल 'भाबीजी घर पर हैं' के लेखक मनोज संतोषी नहीं रहे, अलीगढ़ से होकर जाएगा पार्थिव शरीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Manoj Santoshi: सीरियल 'भाबीजी घर पर हैं' के लेखक मनोज संतोषी नहीं रहे, अलीगढ़ से होकर जाएगा पार्थिव शरीर
Mon, 24 Mar 2025 03:42 PM IST
चमन शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: चमन शर्मा
Updated Mon, 24 Mar 2025 03:42 PM IST
सार
मनोज संतोषी अलीगढ़ कई बार आए। मनोज संतोषी ने भाबीजी घर पर हैं में अलीगढ़ के सुमित सराफ और संजय माहेश्वरी को अभिनय करने का मौका भी दिया था। मनोज संतोषी को अलीगढ़ की कचौड़ी खास पसंद थीं।
विज्ञापन
अलीगढ़ में कचौड़ी खाते मनोज संतोषी, साथ में संजय माहेश्वरी
- फोटो : प्रशंसक संजय माहेश्वरी
विस्तार
भाबीजी घर पर हैं, हप्पू की उलटन-पलटन, जीजा जी छत पर, मैडम मैं आइ कम इन से लोगों को मुस्कराहट देने वाले लेखक मनोज संतोषी आंखों में आंसू देकर दुनिया से अलविदा कह गए। उनका हैदराबाद में निधन हो गया। मनोज संतोषी का पार्थिव शरीर देर रात अलीगढ़ से होकर जाएगा। अपने जीते जी कई बार मनोज संतोषी अलीगढ़ आए, पर यह यात्रा उनकी अंतिम यात्रा होगी।
विज्ञापन
लेखक मनोज संतोषी का निधन हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में 23 मार्च को शाम मे हो गया। बताया जा रहा है कि वह लिवर की बीमारी से ग्रसित थे। अलीगढ़ में उनके खास संजय माहेश्वरी ने अमर उजाला को बताया कि दिवंगत मनोज संतोषी का पार्थिव शरीर हैदराबाद से बुलंदशहर के रामघाट ले जाया जाएगा। पार्थिव शरीर आज रात अलीगढ़ से होकर जाएगा।
विज्ञापन
अलीगढ़ के पड़ोसी जनपद में हुआ था जन्म
मनोज संतोषी का जन्म अलीगढ़ जनपद के पड़ौसी जिला बुलंदशहर में गंगा किनारे बसे कस्बा रामघाट में 1976 में हुआ था। जरगवां स्थित इंटर कॉलेज में उनकी पढ़ाई हुई थी। वह गायक बनना चाहते थे, जिसके लिए वह मुंबई गए। वहां पर इनकी मुलाकात एक लेखक से हुई, जिसके बाद इन्होंने लेखक बनने का संकल्प कर लिया।
विज्ञापन
अलीगढ़ की कचौडी और जलेबी के दीवाने थे
अलीगढ़ से मनोज संतोषी का अलग ही लगाव था। मनोज संतोषी कई बार अलीगढ़ आए। मनोज संतोषी ने अपने सीरियल भाबीजी घर पर हैं में अलीगढ़ के सुमित सराफ और संजय माहेश्वरी को अभिनय करने का मौका भी दिया था। मनोज संतोषी को अलीगढ़ की कचौड़ी और जलेबी बहुत पसंद थीं। दो साल पहले 10 मार्च 2023 में वह अलीगढ़ आए। लेखक मनोज संतोषी ने अपने मित्र व माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के संरक्षक संजय महेश्वरी के साथ रेलवे रोड स्थित सुरेश कचौड़ी वाले के यहां ठेले पर ही कचौड़ी का स्वाद भी लिया था। इस दौरान कई लोगों ने उन्हें पहचान लिया और उनके साथ सेल्फी भी ली थी।
खेलों से भी था मनोज संतोषी का लगाव, खेल के लिए यह था कहना
मनोज संतोषी का खेलों से भी लगाव था। खेलों के प्रति उनका अलग ही नजरिया था। तीन साल पहले 18 फरवरी 2022 को मनोज संतोषी अलीगढ़ आए थे। उन्होंने वार्ष्णेय महाविद्यालय के क्रीड़ा हाल में प्रो कबड्डी लीग के लोगो का अनावरण किया था। मनोज संतोषी ने कहा था कि खेल मनोरंजन का साधन ना होकर हमारी भारतीय सभ्यता एवं मानवता की सुंदर पाठशाला है। सेवा भाव से निशुल्क रूप से आयोजित की जा रही ऐसी खेल प्रतियोगिताओं से खेल के साथ-साथ आपसी प्यार और मोहब्बत के बढ़ावे में एक नई क्रांति आएगी। जिससे सरकार की फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया अभियान में मजबूती मिलेगी।
अमर उजाला के अलीगढ़ कार्यालय पर आए थे मनोज संतोषी
19 जुलाई 2016 को लेखक मनोज संतोषी तालानगरी स्थित अमर उजाला कार्यालय आए थे। उनके साथ संजय माहेश्वरी भी थे। कार्यालय में मनोज संतोषी ने सभी स्टाफ से बातचीत की। मनोज संतोषी ने अमर उजाला के बारे में कहा था कि अमर उजाला पत्रकारिता के सभी सिद्धांतों पर चलता है। इसने हमेशा पाठकों के नब्ज को जाना है और उसी के अनुरूप कंटेंट दिया है। मैं भी अलीगढ़ में आकर सबसे पहले अमर उजाला को ही तलाशता हूं।