कस्बा क्षेत्र के गांव बहरामपुर में रविवार देर रात ग्राम प्रधान और उसके पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव हुआ। घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक कार में भी तोड़फोड़ की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार और पड़ोसी मुकेश वाल्मीकि के परिवार के बीच लंबे समय से मनमुटाव चला आ रहा था। रविवार रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों में छींटाकशी के बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस ने ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार, उनके तीन भाइयों तथा दूसरे पक्ष के मुकेश वााल्मीकि का मेडिकल परीक्षण कराया। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।