न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) अलीगढ़ के खिलाड़ियों की बदौलत उत्तर प्रदेश की टीम राष्ट्रीय अमेरिकन फुटबॉल प्रतियोगिता जीतने में सफल रही। कुलपति प्रो. चंद्रशेखर व कुलसचिव महेश कुमार ने खिलाड़ियों को सहयोग देने का आश्वासन दिया है। साथ ही, खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
16 से 20 सितंबर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा जालंधर में राष्ट्रीय ग्रिड आयरन अमेरिकन फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश ग्रिड आयरन अमेरिकन फुटबॉल टीम ने सब जूनियर लड़के व जूनियर लड़कियां, सीनियर लड़के व लड़कियों की टीम ने चैंपियनशिप जीती। 78 सदस्यीय उत्तर प्रदेश की टीम में 72 खिलाड़ी विश्वविद्यालय के हैं। टीम ने चार विजेता कप व एक उपविजेता कप पर कब्जा जमाया।
कुलपति प्रोफेसर चंद्रशेखर व रजिस्ट्रार महेश कुमार ने टीमों के कप्तानों को सम्मानित किया। इसमें सीनियर टीम के कप्तान मोहितांश राजपूत, अंकित सिसोदिया व मनीष शर्मा, सीनियर लड़कियों की टीम की कप्तान मीनू धनगर, जूनियर लड़कियों की टीम की कप्तान अर्चना शर्मा, जूनियर लड़कों की टीम के कप्तान दिव्यांशु सागर आदि को सम्मानित किया। टीम के मैनेजर डॉ. प्रवीण सिंह जादौन व टीम कोच लोकेश चौधरी, नीरज, शुभांगी भंडारी, कादंबरी दीवान व सुनील गौतम के लिए भी शुभकामनाएं दी।