न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
पंजाब के मोहाली में आयोजित हुई 59वीं राष्ट्रीय रोलर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता की रोलर डर्बी स्पर्धा में पहली बार उत्तर प्रदेश की जूनियर महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता। टीम में चार खिलाड़ी अलीगढ़ की हैं और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की छात्राएं हैं।
प्रतियोगिता भारतीय रोलर स्केटिंग महासंघ (आरएसएफआई) की ओर से मोहाली के धेलपुर रिंक पर हुए फाइनल मुकाबले में यूपी की टीम ने महाराष्ट्र को हरा दिया। 15 सदस्यीय टीम में तंजीला खान (कैप्टन), वैष्णवी शर्मा (वाइस कैप्टन), गीतिका शर्मा, जुनैरिया अंबर, नूरीन अली निजामी, कशिश, प्रांचल शर्मा, प्राची शर्मा, कुहू राठौर, सुहानी, लवन्या, तनुश्री, अदिति और अदविका शामिल हैं। इनमें तंजीला खान, गीतिका शर्मा, जुनैरिया अंबर और नूरीन अली निजामी अलीगढ़ की हैं, जो एएमयू की छात्राएं हैं। टीम के कोच जहीर, संदीप भटनागर, शुभम राठौर, (आरएसएफआई) के अलीगढ़ के कोआर्डिनेटर आजम मीर ने विजेता टीम को बधाई दी है।