{"_id":"600339ae8ebc3e2ef0280dec","slug":"aligarh-two-sides-clash-stone-pelting-and-firing-in-lodha-city-office-news-ali253936282","type":"story","status":"publish","title_hn":"अलीगढ़ : लोधा में दो पक्षों में टकराव, पथराव और फायरिंग, दोनों तरफ से तहरीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अलीगढ़ : लोधा में दो पक्षों में टकराव, पथराव और फायरिंग, दोनों तरफ से तहरीर
Sun, 17 Jan 2021 12:38 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sun, 17 Jan 2021 12:38 AM IST
विज्ञापन
पथराव...
- फोटो : अमर उजाला
लोधा क्षेत्र के गांव बढ़ौला हाजी में कुत्ते को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। उनके बीच मारपीट और पथराव हुआ। एक पक्ष पर फायरिंग का भी आरोप है। इसमें चार लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष ठाकुर व दुसरा अनुसूचित जाति से है। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने आंबेडकर प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त कर दी। तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। देर रात पुलिस प्रतिमा बदलवाने में जुटी थी। वहीं ठाकुर पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरी ओर ठाकुर पक्ष ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
गांव निवासी ऋषभ पुत्र हेमेंद्र उर्फ गुड्डू शनिवार सुबह सात बजे खेतों की ओर अपने पालतू कुत्ते को साथ लेकर टहलने जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान अनुसूचित जाति के राजू पर कुत्ते ने भौंक दिया। इस पर राजू ने कुत्ते को डंडा मार दिया। इसे लेकर ऋषभ और राजू में मारपीट हो गई। इसके बाद ऋषभ पक्ष ने राजू के घर में घुसकर मारपीट कर पथराव कर दिया। हवाई फायरिंग भी हुई। इस दौरान ऋषभ की मां गीता देवी घायल हो गईं।
विज्ञापन
इस सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। इसी बीच फिर पुलिस को सूचना दी गई कि आधा दर्जन बाइक सवार युवक एकत्रित होकर आए और उन्होंने दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग करते हुए पथराव किया। उन्होंने गांव में लगी आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। हमलावर 20 मिनट तक पथराव करने के बाद भाग गए। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विज्ञापन
इस सूचना पर एसपी देहात शुभम पटेल, एसपी यातायात सतीश चंद्र, सीओ गभाना, एसओ लोधा, एसओ मडराक, इंस्पेक्टर बन्नादेवी, इंस्पेक्टर देहली गेट सहित पुलिस, पीएसी आदि गांव पहुंच गई। यहां राजू पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर पथराव व फायरिंग का आरोप लगाया। इसे लेकर तनाव की स्थिति बन गई। मगर पुलिस बल ने हालात नियंत्रित किए।
गांव में पीएसी तैनात करने के साथ ही दूसरी प्रतिमा लगाने की तैयारी शुरू हुई। एसओ अजीत कुमार सिंह के अनुसार देर रात नई प्रतिमा लगाई जा रही थी। वहीं इस मामले में राजू पक्ष की ओर से ऋषभ पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ऋषभ पक्ष ने भी राजू पक्ष के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
एसपी ट्रैफिक सतीश चंद्र ने बताया कि कुत्ते को डंडा मारने पर विवाद हुआ है। बाद में कुछ अज्ञात लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है। जिसकी जांच में जो सामने आएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। घायल परवेंद्र सिंह, बीरू और आरसी देवी को इलाज के लिए भेजा गया है। दूसरी ओर ऋषभ पक्ष का कहना है कि उनके पक्ष की गीता देवी राजू पक्ष के हमले में घायल हो गई थी। कार्रवाई से बचने के लिए राजू पक्ष ने ही प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है।