अलीगढ़: लाउडस्पीकर प्रकरण पर एडीएम सिटी ने कहा- शहर में नई परंपरा शुरू नही होने दी जाएगी
एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि शहर में नई परंपरा शुरू नही होने दी जाएगी। इसको लेकर शासन स्तर से आदेश भी जारी हो गया है। उन्होंने बताया कि एबीवीपी के पदाधिकारियों को यह कार्य न करने के लिए समझाया जा रहा है।
विस्तार
शहर भर के चौराहों पर लाउडस्पीकर लगाकर हनुमान चालीसा का पाठ करने को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पदाधिकारी अडिग बने हैं, जबकि प्रशासन बातचीत के जरिये मामले को तूल देने से रोकने के प्रयास में है। इस क्रम में शनिवार को प्रशासनिक अफसर एबीवीपी के पदाधिकारियों संग बातचीत करेंगे।
एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि शहर में नई परंपरा शुरू नही होने दी जाएगी। इसको लेकर शासन स्तर से आदेश भी जारी हो गया है। उन्होंने बताया कि एबीवीपी के पदाधिकारियों को यह कार्य न करने के लिए समझाया जा रहा है।
एसीएम प्रथम संजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने पदाधिकारियों से कई घंटे तक बातचीत की, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने बताया कि शनिवार को एक बार फिर से वे और एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत वार्ता कर समस्या का समाधान खोजेंगे।
लाउडस्पीकर लगाकर हनुमान चालीसा का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण : बजरंग बल
बजरंग बल के नेताओं ने अजान एवं उसके जवाब में सार्वजनिक रूप से लाउडस्पीकर लगाकर हनुमान चालीसा भजन आदि करने के प्रयास को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। महानगर कार्यसमिति ने इस प्रतिस्पर्धा को तत्काल रोककर भारतीय न्यायालयों द्वारा निर्गत आदेश की अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
बजरंग बल की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें कहा गया कि लाउडस्पीकर प्रतियोगिता से राष्ट्र में अराजकता एवं सांप्रदायिकता की स्थिति उत्पन्न होगी। महानगर संयोजक गौरव शर्मा ने कहा कि भारत विश्व की महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। अमेरिका सहित पश्चिमी व इस्लामिक जिहादी देश व्याकुल हैं और भारत में अशांति का वातावरण उत्पन्न करना चाहते हैं। इस अवसर पर शेखर शर्मा, रितेश वर्मा, मोनू पंडित, अमित भारद्वाज, विशाल शर्मा, गुलशन ठाकुर, अजय गुप्ता आदि उपस्थित थे।