अलीगढ़ मंडल में धान की खरीद पहली अक्टूबर से शुरू होगी। साधारण धान 1,868 रुपये और एक नंबर का धान 1,888 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से खरीदा जाएगा। अलीगढ़ में 20, एटा में 11, कासगंज में 15 और हाथरस में 13 क्रय केंद्र प्रस्तावित हैं। धान खरीद से पूर्व किसानों का विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण किसी भी जन सुविधा केंद्र या साइबर कैफे से कराया जा सकता है। इस वर्ष ओटीपी आधारित पंजीकरण होंगे। पंजीकरण के समय अपना वर्तमान मोबाइल नंबर डाले, जिस पर प्राप्त ओटीपी को भरकर पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। जो किसान गेहूं खरीद वर्ष 2020-21 में अपना पंजीकरण करा चुके है, उन्हें दोबारा पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।
कमिश्नर जीएस प्रियदर्शी ने किसानों से अपील की कि वह अपना बैंक खाता, सीबीएस सुविधा युक्त बैंक में खुलवाएं एवं पंजीयन के समय बैंक खाता संख्या व आईएफ एससी कोड भरने में विशेष सावधानी बरतें। राजकीय क्रय केंद्रों पर किसान धान बिक्री के समय पंजीयन प्रपत्र, कंप्यूटराइज्ड खतौनी, फोटो युक्त पहचान पत्र, बैंक पासबुक एवं आधार कार्ड की छाया प्रति साथ लाएं। किसान धान सुखाकर एवं सफाई करके लाएं ताकि निर्धारित मानक के अनुसार तुलाई की जा सके। धान में 17 प्रतिशत तक नमी अनुमन्य है। सभी जिलों में इसके लिए कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे।