Transfer: इधर एएमयू से जमीन कब्जा मुक्त, उधर नगर आयुक्त का तबादला, उनकी जगह आए प्रेम प्रकाश मीणा
इधर एएमयू से नगर निगम ने जमीन कब्जा मुक्त कराई, उधर ऐसा कराने वाले नगर आयुक्त का तबादला कर दिया गया। एएमयू वीसी सीएम से शिकायत करने पहुंचीं थीं। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने भी आंदोलन की चेतावनी दी थी।
विस्तार
एएमयू से 41 बीघा जमीन मुक्त कराने वाले नगर आयुक्त का 4 मई को तबादला हो गया। एएमयू वीसी नईमा खातून ने 2 मई को सीएम से मुलाकात कर जमीन मुक्त कराने की शिकायत की थी। दो दिन बाद अचानक नगर आयुक्त विनोद कुमार के स्थानांतरण का आदेश आ गया। उनके स्थान पर 2018 बैच के आईएएस प्रेम प्रकाश मीणा को नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
नगर निगम ने नगला पटवारी में करीब 90 बीघा जमीन को सरकारी करार दिया था। इस जमीन पर करीब 80 साल से एएमयू का कब्जा था। 30 अप्रैल को नगर आयुक्त विनोद कुमार की अगुवाई में नगर निगम ने 41 बीघा जमीन पर कब्जा कर नगर निगम का बोर्ड लगा दिया था। इसके बाद नगला पटवारी में भी 50 बीघा और सरकारी जमीन को नगर निगम अपने स्वामित्व में लेने की कार्रवाई कर रहा था। इस प्रकरण के बाद नगर निगम का विरोध शुरू हो गया। एएमयू ने इसको लेकर प्रशासन और शासन में शिकायत की। यही नहीं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने तो आंदोलन की चेतावनी भी दे डाली है।
एएमयू वीसी नईमा खातून ने लखनऊ में दो मई को मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। उन्होंने जमीन को लेकर अपना पूरा दस्तावेज प्रस्तुत कर पक्ष रखा था। इसके बाद चार मई को अचानक शासन ने नगर आयुक्त विनोद कुमार का स्थानांतरण कर दिया। शासन ने उन्हें प्राविधिक शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया है। इनके स्थान पर आईएएस प्रेम प्रकाश मीणा को नगर आयुक्त का कार्यभार सौंपा गया है। इससे पहले वह अलीगढ़ में भी तैनात रह चुके हैं। हाथरस में वह हाथरस के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत रहे। वर्तनाम में वह उन्नाव सीडीओ हैं।
अलीगढ़ के तानाशाह नगर आयुक्त का तबादला हो गया। नियम कानून को ताक पर रख कर एएमयू की जमीन को अपना बता कर कब्जा करने वालों के साथ ऐसा ही होना था। उन्होंने एएमयू और छर्रा अड्डे वक्फ की जमीन को निगम की जमीन बताई है। - आगा युनुस, कांग्रेस नेता
नगर निगम ने गलत तरीके से एएमयू की जमीन को अपना बता कर कब्जा लिया है। इस मामले की जांच होनी चाहिए। सरकार ने नगर आयुक्त का स्थानांतरण कर सराहनीय कार्य किया है। - मो. गुलजार