मामू-भांजा प्रकरण: भीड़ हिंसा पर अखिलेश यादव हैरान, औरंगजेब के परिवार से करेंगे मुलाकात
सपा नेताओं ने बताया कि मामले में पीड़ित परिवार के साथ आवाज उठाने का नतीजा है कि पार्टी के नेता पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस पर भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि वे अधिकारियों से वार्ता करेंगे।
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के मामू-भांजा इलाके में हुई घटना के संबंध में सपा नेताओं का दल 26 जून को दिल्ली में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिला। उन्हें मुकदमे की प्रति सौंपी और पूरे प्रकरण से अवगत कराया। इनका कहना है कि भीड़ हिंसा की बात पर सपा अध्यक्ष भी हैरान रह गए और जल्द परिवार से मिलने व ठोस कार्रवाई कराने का भरोसा भी दिया है।
सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यूपी में भीड़ हिंसा में जान ली जा रही है ?, उन्होंने कहा कि कानून एक जुलाई से लागू हो रहा है। मुकदमे में भीड़ हिंसा के आरोप का जिक्र बताता है कि यूपी में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सपा नेताओं से कुछ सवाल किए और जल्द परिवार से मिलने आने की तारीख बताने की बात कही। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इशहाक, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, जिला महासचिव मनोज यादव, इसरार सोलंकी आदि नेता दिल्ली में सपा अध्यक्ष से मिले। उन्होंने सपा के प्रदेश स्तरीय दल के निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों से भी अवगत कराया। ।
सपा नेता अज्जू पर मुकदमे पर भी हुई चर्चा
सपा नेताओं ने बताया कि मामले में पीड़ित परिवार के साथ आवाज उठाने का नतीजा है कि पार्टी के नेता पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस पर भी सपा अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि वे अधिकारियों से वार्ता करेंगे। सपा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी ने बताया कि इस मामले में बृहस्पतिवार को सपा कार्यकर्ता आईजी व एसएसपी से मिलेंगे और मुकदमे के विरोध में अपना पक्ष रखेंगे।
आसपा सांसद ने भी किया औरंगजेब के परिवार का समर्थन
इस प्रकरण में आजाद समाज पार्टी के संस्थापक व नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी एक्स पर पोस्ट की है। उन्होंने औरंगजेब परिवार का समर्थन किया है और जल्द मिलने आने की बात भी कही है।
भाजपा नेता पहुंचे जेल में बंद आरोपियों से मिलने
भाजपा महानगर अध्यक्ष इंजी.राजीव शर्मा की अगुवाई में पार्टी नेताओं का दल औरंगजेब की हत्या में जेल भेजे गए आरोपियों से मिलने पहुंचा। उनकी बात सुनने के बाद हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि पार्टी उनके साथ खड़ी है। किसी भी कीमत पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
आरोपी पक्ष को मुकदमे का इंतजार
इस मामले में हत्या के अपराध में जेल गए व्यापारियों के पक्ष को अपने मुकदमे का इंतजार है। मुख्य आरोपी के परिवार की ओर से दो दिन पहले एसएसपी को तहरीर दी गई है। इसमें घर में घुसकर लूट, महिलाओं से छेड़खानी आदि के आरोप हैं। अभी पुलिस स्तर से इस पर मंथन किया जा रहा है।
यह है मामला
करीब सात दिन पहले मामू-भांजा इलाके में चोरी के संदेह में औरंगजेब की पीटकर मार दिया था। इस प्रकरण को लेकर अलीगढ़ में सियासत गर्मायी हुई है। विपक्षी दल मृतक के परिवार के पक्ष में खड़े हैं और इसे भीड़ हिंसा करार दे रहे हैं। भाजपा इस मामले के आरोपियों के पक्ष में खड़ी है।