{"_id":"66933b38df50d39d1f098e7b","slug":"youths-queued-up-for-agniveer-recruitment-at-1-o-clock-in-the-night-physical-test-being-conducted-2024-07-14","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Agniveer Recruitment 2024: अग्निवीर भर्ती के लिए रात एक बजे कतार में पहुंचे युवा, हो रहा शारीरिक परीक्षण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agniveer Recruitment 2024: अग्निवीर भर्ती के लिए रात एक बजे कतार में पहुंचे युवा, हो रहा शारीरिक परीक्षण
Sun, 14 Jul 2024 08:13 AM IST
धीरेन्द्र सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला नेटवर्क, आगरा
Published by: धीरेन्द्र सिंह
Updated Sun, 14 Jul 2024 08:13 AM IST
सार
आगरा में अग्निवीर भर्ती शुरू हो चुकी है। रविवार को होने वाली प्रक्रिया के लिए रात एक बजे से ही अभ्यर्थी कतार में लगना शुरू हो गए थे।
विज्ञापन
भर्ती के लिए पहुंचे अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बालों की मिलिट्री कटिंग, दौड़ के लिए तैयार होते पैर, शक्ति दिखाने के लिए आतुर भुजाएं। बनियान और नेकर पहने जोश से लबरेज युवा। यह नजारा था सदर स्थित एकलव्य स्टेडियम रोड का, जहां अग्निवीर बनने के लिए युवा कतारबद्ध थे। शनिवार रात करीब एक बजे स्टेडियम में प्रवेश शुरू हुआ। पहले दिन मैदान में आगरा सहित 12 जिलों के अभ्यर्थियों की ट्रेड्समैन (8वीं व 10वीं) की शारीरिक दक्षता का परीक्षण हो रहा है।
विज्ञापन
भर्ती प्रक्रिया देर रात से ही शुरू हो गई। सेना भर्ती कार्यालय, आगरा की ओर से तीन चरणों में भर्ती रैली आयोजित हो रही है। पहले चरण में आगरा, अलीगढ़, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, जालौन, झांसी, कासगंज, ललितपुर, मथुरा और मैनपुरी को मौका मिलेगा। दूसरे व तीसरे चरण में सोल्जर टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) और सिपाही फार्मा पदों के लिए यूपी व उत्तराखंड के युवा शामिल होंगे। भर्ती में करीब 15 हजार अग्निवीर, सैनिक नर्सिंग सहायक व सिपाही फार्मा के उम्मीदवार शारीरिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
जिन उम्मीदवारों ने अप्रैल 2024 में आयोजित ऑनलाइन परीक्षा पास की थी, उन्हें ही भर्ती में शामिल होने का मौका मिला है। सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी रात में ही स्टेडियम पहुंच गए। अभ्यर्थियों को मैदान में इकट्ठा किया गया। 100-100 युवाओं के समूह बनाए। पहले 1.6 किलोमीटर की दौड़ हुई। तय समय में दौड़ पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण के लिए भेजा गया। जिसमें बीम, 9 फीट डिच और जिग जैग बैलेंस की परीक्षा हुई। फिर अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच की गई। सफल अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
मेडिकल में अनफिट मिले उम्मीदवारों को समीक्षा के लिए सैन्य अस्पताल भेजा गया। जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी ने भर्ती स्थल पर मोबाइल शौचालय, पीने का पानी और बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों से उम्मीदवारों को लाने एवं ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था कराई है। सेना और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए।