कासगंज। विश्व दिव्यांग दिवस पर श्रीगणेश इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम हुए। सर्व शिक्षा अभियान एवं समेकित शिक्षा के तहत परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आसमान में शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और गुब्बारे छोड़े गए। इस दौरान दिव्यांग बच्चों की 50 मीटर दौड़, चित्रकला आदि प्रतियोगिताएं हुईं।
दिव्यांग छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगता अभिशाप नहीं है। इन बच्चों में अद्भुत प्रतिभाएं छिपी होती हैं। इन्हें निखारने की जरूरत है। पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने कहा कि ये बच्चे सुन और बोल नहीं सकते लेकिन प्रतिभाओं के धनी हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी अंजली अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी ज्ञान देवी, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा वीरेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।