युवती की गला दबाकर हत्या, दुष्कर्म की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कासगंज में सहावर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की शाम से लापता हुई युवती का शव शुक्रवार की सुबह खेत में मिला। युवती से दुष्कर्म की कोशिश करते हुए गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। एसपी अशोक कुमार शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर परिवारीजनों ने पुलिस को नहीं दी है।
युवती की उम्र 19 से 20 वर्ष बताई गई है। युवती गुरुवार की शाम 4 बजे खेत से चारा लेने गई थी। लेकिन वह काफी देर तक नहीं लौटी। परिजनों ने युवती की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण रात में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शुक्रवार की सुबह जब गांव के लोग नित्यक्रिया के लिए निकले तो एक खेत में युवती का शव पड़ा दिखाई दिया। गांव वालों ने युवती के शव को पहचान लिया।
परिजनों को मामले की जानकारी मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए। युवती का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर सहावर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवती के गले पर काला निशान था। जिससे लग रहा था कि किसी रस्सी के टुकड़े या किसी तार से युवती का गला घोंटा गया हो। युवती का कुर्ता भी फटा हुआ था। ऐसी स्थिति को देखकर दुष्कर्म की कोशिश की आशंका लगाई जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया। परिजनों से बातचीत की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने पंचनामा भरके युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम तक इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई।
फॉरेंसिक टीम ने लिए नमूने
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल की पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए तरह तरह के नमूने लिए। वहीं घटनास्थल की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि युवती की हत्या गला दबाकर की गई प्रतीत होती है। इस घटना के खुलासे के सहावर पुलिस को निर्देश दिए हैं। युवती के हत्यारों तक पुलिस जरूर पहुंचेगी। दुष्कर्म की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। प्रारंभिक तौर पर ऐसा नजर नहीं आता है।