आगरा के इन इलाकों में लगेंगे वाटर एटीएम, हर घर को रोज 10 लीटर पानी मुफ्त मिलेगा
- नगर निगम सदन में प्रस्ताव पास : हर घर को प्रतिदिन 10 लीटर नि:शुल्क जल मिलेगा, इससे ज्यादा लेने पर लगेगी 30 पैसे प्रति लीटर की दर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी में पानी की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने जगदीशपुरा, देवरी रोड और काजीपाड़ा क्षेत्र में कुल 10 जगह वाटर एटीएम लगाने के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। सोमवार को नगर निगम सदन के 20 वें अधिवेशन की बैठक में अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने वाटर एटीएम से स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव पेश किया, जिसे पास कर दिया गया।
वाटर एटीएम से इन तीनों बस्तियों के हर घर को प्रतिदिन 10 लीटर स्वच्छ जल दिया जाएगा। इससे ज्यादा पानी लेने के लिए 30 पैसे प्रति लीटर की दर से वाटर प्यूरीफायर प्लांट और 50 पैसे की प्रति लीटर की दर से वाटर एटीएम पर शुल्क लिया जाएगा।
पानी के लिए बनाए जाएंगे प्री-पेड कार्ड
वाटर एटीएम से पानी लेने के लिए बस्ती के हर घर का प्री-पेड कार्ड बनाया जाएगा। नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने बताया कि मुंबई की कंपनी पीरामल सर्वजल ने यह प्रस्ताव दिया है। शास्त्रीपुरम में 600 वर्ग फुट जगह में वाटर प्यूरीफायर प्लांट लगाया जाएगा, जिससे काजीपाड़ा, जगदीशपुरा और देवरी रोड पर 10 वाटर एटीएम चलाए जाएंगे।
केवल बस्तियों के लिए ही यह पानी उपलब्ध होगा। इसकी अन्य जगह बिक्री नहीं की जा सकेगी। तीन साल बाद यह प्लांट नगर निगम को हैंडओवर कर दिया जाएगा। गंगाजल की लाइनें इन जगहों पर बिछाई जा रही हैं, पर उसमें समय लगेगा। इसलिए अस्थायी तौर पर यह व्यवस्था अपनाई जा रही है।
यमुनापार के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं
पार्षदों ने यमुनापार क्षेत्र में पानी देने का सुझाव दिया, जिस पर नगर आयुक्त ने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर ये तीन बस्तियां चुनी गई हैं। पीरामल सर्वजल से वार्ता करके यमुनापार भी पानी देने का प्रयास होगा। इसके बाद सदन ने प्रस्ताव पास कर दिया।
कैलाश समेत तीन गांव हुए निगम सीमा में शामिल
नगर निगम सीमा में कैलाश महादेव मंदिर समेत तीन गांवों को शामिल कर लिया गया। पार्षद राजेश प्रजापति के प्रस्ताव पर सदन में चर्चा हुई, जिसमें पार्षद फौरन सिंह ने सिकंदरपुर, मनोहरपुर गांव को भी निगम में शामिल करने की मांग की, लेकिन सदन ने बांईपुर मुस्तकिल, स्वामी मुस्तकिल और फतेहाबाद रोड पर मायापुर गांव को शामिल करने का प्रस्ताव पास कर दिया।
इससे शहरी सीमा में इन तीनों गांवों की 19 हजार की आबादी आ जाएगी और करीब 1110 हेक्टेयर क्षेत्रफल और जुड़ जाएगा। कैलाश महादेव मंदिर और होटल रमाडा एवं कलाल खेरिया गांव के बीच के मायापुर गांव के जुड़ जोन से निगम की सीमा इनर निंग रोड तक पहुंच जाएगी।