सोरोंजी। श्रावण मास के तेरहवें दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं ने वराह मंदिर पहुंचकर क्षेत्राधीश वराह भगवान का भव्य अभिषेक किया। हरि की पौड़ी में स्नान कर वराह मंदिर में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर वराह भगवान का गंगाजल, दुग्ध, शहद, घृत, दही से पंचाभिषेक किया गया। आचार्य पं. नरेश त्रिगुणायत ने वैदिक मंत्र उच्चारित करते हुये अभिषेक का कार्यक्रम कराया।
इसके पश्चात भगवान वराह का भव्य श्रृंगार कर नूतन पोशाक अलंकार धारण कराये गये, फल मेवा मिष्ठान का भोग लगाया गया। महाआरती उतारी गई। मंदिर परिसर शंख घंटों की गूंज व भगवान वराह के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
मंदिर सेवायत आचार्य नरेश त्रिगुणायत ने बताया कि पूरे सावन मास पर्यंत प्रतिदिन भगवान के अभिषेक के विशेष कार्यक्रम चलते रहेंगे। मंगलवार को वराह भगवान के अभिषेक के दौरान डॉ. राजेश तिवारी, सुनील तिवारी विहिप नगर संयोजक, अभिषेक, विशाल वशिष्ठ आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।