यूपी बोर्ड परीक्षा अंग्रेजी पेपर लीक मामला: दो केंद्र व्यवस्थापक हटाए गए, प्रशासन को सौंपी 7 केंद्रों की सूची
राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज और श्री देवनारायण इंटर कॉलेज, रिछोहा के केंद्र व्यवस्थापकों को हटा दिया गया है। नए केंद्र व्यवस्थापक दोनों केंद्रों पर परीक्षाएं कराएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समय से पहले यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट के अंग्रेजी प्रश्नपत्र के पैकेट खोलने वाले जगनेर के परीक्षा केंद्र राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज और श्री देवनारायण इंटर कॉलेज, रिछोहा के केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को हटा दिया गया है। दोनों केंद्रों पर आगामी परीक्षाएं नए केंद्र व्यवस्थापक कराएंगे। अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक भी नए लगाए जाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि दोनों केंद्रों को डिबार करने की संस्तुति की जा चुकी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर इनके केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को हटाकर नए लगाए जा रहे हैं। अगली परीक्षा सोमवार से है, उससे पहले राजकीय या एडेड कॉलेजों के शिक्षकों को दोनों केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के तौर पर लगाया जाएगा। श्री देवनारायण इंटर कॉलेज के पैकेट सीसीटीवी कैमरे के सामने नहीं काटा गया था। इसकी जांच सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुभाष बाबू को दी गई है।
राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज में पशु चिकित्साधिकारी महेंद्र कुमार को स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में लगाया गया था, उन्होंने अपनी ड्यूटी सैंया में लगाने के लिए पत्र लिखा था, ड्यूटी बदली नहीं गई थी, इसके बाद भी केंद्र पर नहीं पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने उन्हें आगामी परीक्षाओं में केंद्र पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। श्री देवनारायण इंटर कॉलेज में पॉलिटेक्निक कॉलेज के शिक्षक अरविंद कुमार को स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में लगाया गया था, कॉलेज में परीक्षा थी, इसकी सूचना अरविंद कुमार ने दे दी थी, उनकी जगह बीडीओ को भेजा गया था। परीक्षा हो चुकी है, अब अरविंद कुमार आगे की परीक्षाओं में ड्यूटी देंगे।
एक संवेदनशील व एक अंतिसंवेदनशील सूची में
पहले से ही श्री देवनारायण इंटर कॉलेज को अतिसंवेदनशील और राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज को संवेदनशील सूची में रखा गया था। एसएसपी ने इन केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी है।
एसएसपी को सात केंद्रों की सूची दी
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार ने एसएसपी सुधीर कुमार सिंह को सात परीक्षा केंद्रों की सूची दी है, इन केंद्रों के संबंध में कार्यालय में शिकायतें मिली थीं। सूची में मरूबाई देवी इंटर कॉलेज, दूरा, फतेहपुर सीकरी, जय मां गायत्री इंटर कॉलेज, करकोली, पिनाहट, नेताजी हिम्मत सिंह इंटर कॉलेज, अई नतोखरा, फतेहाबाद, राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज, जगनेर, हेत सिंह इंटर कॉलेज, शमसाबाद, श्रीमती राम दुलारी देवी इंटर कॉलेज, फतेहाबाद, ठाकुर कालीचरण सिंह इंटर कालेज देवरी रोड, नगला पाटम हैं।
डबल लॉक अलमारी कक्ष में कोई फोन नहीं ले जा सकेगा
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी किया है कि एक अन्य सुरक्षित अलमारी की व्यवस्था कराई जाए, इसमें किसी भी पारी की परीक्षा में पहली बार प्रश्नपत्रों को निकालने के बाद बचे हुए प्रश्नपत्रों और बंडल स्लिप को सुरक्षित रखा जाए। इस अलमारी को डबल लॉक अलमारी से कुछ दूर उसी कक्ष में रखा जाए। डबल लॉक अलमारी में किसी भी अधिकारी व कर्मचारी का मोबाइल फोन के साथ प्रवेश वर्जित होगा। कक्ष को परीक्षा के दिन परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में खोला जाना है, इन्हीं की उपस्थिति में परीक्षा समाप्त होने के एक घंटे बाद सील किया जाना है।