Yamuna Flood: वृंदावन की कॉलोनियों में भरा बाढ़ का पानी, घर जाने को लेना पड़ा भगोने का सहारा
वृंदावन में यमुना का जलस्तर घटने लगा है, लेकिन कॉलोनी में अभी भी बाढ़ का पानी भरा है। इसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
विस्तार
यमुना का जलस्तर बढ़ा तो तीर्थनगरी वृंदावन में बाढ़ के हालात बन गए। शनिवार को कई कॉलोनियों में बाढ़ का पानी भर गया है, जिससे लोगों की काफी परेशानी हो रही है। हालांकि शाम से जलस्तर घटने लगा, लेकिन कॉलोनियों में अभी भी पानी भरा है। रविवार को परिक्रमा मार्ग स्थित श्याम नगर कॉलोनी में एक बच्चा भगोने को नाव बनाकर घर तक पहुंचा।
वृंदावन की श्याम नगर, मोहिनी नगर, कुंभ क्षेत्र सहित यमुना से लगे कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। इसके चलते लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को यमुना का जलस्तर शुक्रवार की अपेक्षा थोड़ा कम हुआ, फिर भी जलस्तर चेतावनी बिंदु 165.20 के पार 165.35 मीटर ही रहा।
अब घट रहा है जलस्तर
शुक्रवार को यमुना का जलस्तर 165.46 मीटर पर थम गया था। गोकुल बैराज के सारे गेट खोलने के बाद भी यह जलस्तर कम नहीं हुआ था, लेकिन उम्मीद के मुताबिक यमुना का जलस्तर शनिवार सुबह से ही कम होना प्रारंभ हो गया। शाम होते होते लगभग 10 सेमी जलस्तर कम हुआ। रविवार को भी जलस्तर घट रहा है, लेकिन कॉलोनियों से पानी का निकासी नहीं हो सकी है।
Banke Bihari Corridor: ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में कॉरिडोर की तैयारी, आशियाने और व्यापार को लेकर डर रहे लोग
सिंचाई विभाग के निर्माण खंड के एक्सईएन सतीश कुमार ने बताया कि यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। ओखला पर पानी की मात्रा कम होने से शनिवार को यमुना का जलस्तर कम होने की उम्मीद है। हालांकि वृंदावन से लेकर गोकुल के बीच निचले इलाके में पानी भर गया है। इससे फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।