एटा: घर के पास तालाब में डूबकर दो साल के बेटे की मौत, शव को गोद में लेकर बिलखी मां
मासूम बेटे के शव देखते ही मां बेसुध हो गई। होश आया तो शव को गोद में लेकर खूब रोई। मां की हालत देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के थाना जलेसर क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह गांव नगवाई के तालाब में मासूम बच्चे का शव पड़ा मिला। गांव के किशन कुमार नागर का दो वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार गुरुवार दोपहर दो बजे से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। घर के पास ही तालाब है। अनहोनी की आशंका पर तालाब खाली कराया गया। जिसमें ऋषभ का शव पड़ा मिला।
गांव नगवाई निवासी किशन कुमार बेलदारी पर कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। किशन ने बताया कि उसका दो वर्षीय पुत्र ऋषभ बृहस्पतिवार को घर के बाहर खेल रहा था। काफी देर तक जब बच्चा नहीं दिखा तो उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
परिजनों ने रातभर खोजा
परिजन सहित गांव के अन्य लोग उसे रात भर खोजते रहे। शुक्रवार सुबह गांव के लोगों ने तालाब का पानी निकालकर इसे खाली कराया। पानी निकलते ही तालाब में मासूम की शव पड़ा मिला। कुछ समय बाद परिजनों ने पुलिस को बिना बताए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
उन्होंने खेलते-खेलते तालाब में डूबने की आशंका जताई। थाना प्रभारी शंभूनाथ ने बताया कि मासूम के लापता होने की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को नहीं दी गई थी। जानकारी होने पर गांव में पुलिस गई। तब तक उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। किसी तरह के आरोप नहीं लगाए हैं।