आगरा : मुठभेड़ के बाद पकड़े गए दो इनामी बदमाश, गोली लगने से घायल, तमंचे-नकदी बरामद
बताया गया है कि दोनों बदमाश बुढ़िया के ताल पर कपड़े लेने आए थे। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रविवार तड़के दोनों को दबोच लिया। उनके पास से दो तमंचे व दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
विस्तार
पुलिस और एसओजी ने रविवार की सुबह बुढ़िया का ताल के समीप इनामी बदमाशों नीरज राणा और राजेंद्र उर्फ घेंटा को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। दोनों बदमाश कस्बे के लोहा व्यापारी के घर हुई चोरी और ईंट मंडी के चौकीदार नरेश निषाद की हत्या के मामले में वांछित थे। इनके पास से पुलिस ने छह लाख रुपये के जेवर, 1.45 लाख रुपये, दो तमंचे और दो कारतूस बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान ने बताया कि हत्यारोपी बदमाशों के बुढ़िया का ताल आने की सूचना मिली थी। इस पर वह और एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित फोर्स के साथ पहुंच गए। 25-25 हजार के इनामी बदमाश नीरज राणा व राजेंद्र उर्फ घेंटा सुबह 5:30 बजे घर से कहीं जाने की फिराक में थे। तभी पुलिस ने उन्हें घेर लिया। इस पर दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे दोनों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
सूचना पर एसपीआरए सत्यजीत गुप्ता व सीओ रवि कुमार गुप्ता भी पहुंचे। दोनों बदमाशों को इलाज के लिए आगरा भेज दिया गया। दोनों के पास से चोरी के करीब छह लाख रुपये के रहने, 1.05 लाख रुपये, दो तमंचा, दो जिंदा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक नीरज राणा शातिर बदमाश है। इस पर एत्मादपुर और उदयपुर में छह मुकदमे दर्ज हैं।
हत्या और चोरी के मामले में थे वांछित
पुलिस के मुताबिक 25 मार्च की रात खंदौली रोड स्थित रामनरेश त्यागी के घर से 27 लाख रुपये और जेवर चोरी हुए थे। 31 मार्च को पुलिस ने खुलासा करते हुए पीड़ित के पड़ोसी नवल किशोर उर्फ पुच्ची निवासी नई बस्ती एत्मादपुर व सोनू निवासी नहर कोठी जैन मंदिर के पास एत्मादपुर को गिरफ्तार किया था। चोरी में नीरज राणा निवासी बुढ़िया का ताल और राजेंद्र उर्फ घेंटा भी शामिल थे। जिनकी तलाश में पुलिस लगी थी।
वहीं, छह अप्रैल को बुढ़िया का ताल के समीप ईंट मंडी के चौकीदार नरेश निषाद की हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी दुर्गा देवी ने नीरज राणा, राजेंद्र उर्फ घेंटा और सोनू को नामजद किया था। पुलिस ने हत्यारोपी सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आठ अप्रैल को पुलिस ने नीरज राणा के साथी टूंडला निवासी मुकेश उपाध्याय को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। मुकेश के पास से चोरी के तीन लाख रुपये के जेवर मिले थे।