एटा: कार की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत, परिजनों ने सड़क पर लगाया जाम
एटा में अलीगंज-मैनपुरी मार्ग पर गांव दहेलिया मोड़ के पास सोमवार शाम बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के थाना जसरथपुर क्षेत्र में अलीगंज-मैनपुरी मार्ग पर गांव दहेलिया मोड़ के पास सोमवार की शाम बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया।
सड़क हादसे में थाना अलीगंज के गांव झकरई निवासी मजदूर राहुल कुमार (22) पुत्र महेश चंद्र और उसके चचेरे भाई राज मिस्त्री मुकेश कुमार (21) पुत्र रघुवीर सिंह की मौत हुई है। महेश के भाई रूप सिंह ने बताया कि दोनों बाइक से मैनपुरी रिश्तेदारी में जा रहे थे। गांव से निकलने के बाद दहेलिया मोड़ पर पीछे से बोलेरो कार ने टक्कर मार दी। कार उनको कुचलती हुई निकल गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारी
हादसे की खबर मिलते ही परिजन व अन्य ग्रामीण गांव दहेलिया पहुंच गए। यहां पर गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। हादसे और जाम की सूचना पर एसडीएम अलीगंज मानवेंद्र सिंह, सीओ अलीगंज राघवेंद्र सिंह पहुंचे। थाना जसरथपुर, अलीगंज, नयागांव तथा राजा का रामपुर से पुलिस बल बुला लिया गया।
अधिकारियों ने परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह लोग जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे के जाम के चलते यातायात बाधित रहा और लोग परेशान रहे। बाद में परिजन माने और जाम खोल दिया। पुलिस ने गांव नदराला पर सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। इसमें एक बुलेरो कार जाती दिखाई दे रही थी।
मथुरा: छुट्टी पर घर आई महिला सैन्य कर्मी ने की आत्महत्या, युवक पर तस्वीरें वायरल करने का आरोप
कार का नंबर फिरोजाबाद का बताया गया है। कार का पूरा नंबर नहीं मिल पाने से ट्रेस करने में दिक्कतें आ रही हैं। सीओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बोलेरो कार की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौत हुई है। गुस्साए परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार का पता किया जा रहा है।