फिरोजाबाद में हादसा: बच्चों से भरी स्कूल बस का कूलेंट पाइप फटा, दो बच्चे झुलसे, मची चीख-पुकार
फिरोजाबाद के घंटाघर के पास गुरुवार की सुबह बच्चों से भरी स्कूल बस में हादसा हो गया। बस का कूलेंट पाइप फटने से दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन बच्चों को ट्रामा सेंटर लाया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद में गुरुवार को एक प्रमुख शिक्षण संस्था की स्कूल बस का कूलेंट पाइप अचानक फट गया। पाइप से निकला गर्म पानी बच्चों के उपर गिरा। इससे दो बच्चे झुलस गए। बस में 30 बच्चे सवार थे। हादसा होते ही चीखपुकार मच गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बच्चों को इलाज के लिए प्राइवेट टॉमा सेंटर लाया गया।
ढोलपुरा स्थित सेंट जोंस स्कूल की बस गुरुवार सुबह करीब आठ बजे रोजाना की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस में 30 बच्चे सवार थे। बस हाईवे स्थित प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर के सामने पहुंची थी। तभी इंजन में लगा कूलेंट का पाइप फट गया। पाइप फटते ही इंजन के पास बैठे दो छात्रों के पैर पर गर्म पानी गिरा। इससे दोनों बच्चे झुलस गए।
हादसा होते ही बस में मच गई थी चीख-पुकार
हादसा होते ही बस में सवार अन्य बच्चों में चीख पुकार मच गई। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इस बीच हाईवे की यातायात व्यवस्था भी बाधित हो गया। घायल बच्चों को उपचार के लिए प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। घायल बच्चों के नाम दिव्यांश (6) पुत्र अजय गुप्ता व अनिकेत गुप्ता (5) पुत्र अंकुश गुप्ता निवासी पेमेश्वरगेट थाना दक्षिण हैं।
सूचना पर परिजन भी प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। परिजन ने बताया कि दिव्यांश कक्षा एक का छात्र है तथा अनिकेत यूकेजी का छात्र है। दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद परिजन घर ले गए। हादसे की सूचना पर स्कूल स्टॉफ भी अस्पताल पहुंच गया था।
झुलसे बच्चों के चीखते ही सहम गए थे अन्य बच्चे
जिस वक्त हादसा हुआ उस समय बस के अंदर करीब 30 बच्चे बैठे हुए थे। अनिकेत और दिव्यांश के पैर पर गर्म पानी पड़ते ही उनकी चीख निकल पड़ी। बस के अंदर बैठे अन्य बच्चे कुछ समझ पाते। तब तक धुआं उठने लगा। धुआं को देख बच्चों में चीख पुकार मच गई।
चालक ने भी बस को पहले किनारे खड़ा किया। बस की चाभी निकाली। स्कूल बस में हादसे के बाद हाईवे पर दौड़ रहे वाहन भी रुक गए। आसपास पास के लोग भी एकत्रित हो गए। बस के अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। अभिभावकों को इस हादसे की जानकारी मिली तो वह भी मौके पर पहुंच गए।
प्रधानाचार्य सेंट जोंस कॉलेज के फादर जोसेफ शाहजी ने बताया कि हमारे स्कूल का कोई वाहन संचालित नहीं होता है। अभिभावक स्वयं ही अपनी जिम्मेदारी से बच्चों को भेजते हैं। वाहन चालकों को सीधे अभिभावक ही फीस अदा करते है। फिर भी हादसा होने के बाद हमने बस संचालक को बुलाकर फिटनेस के प्रमाणपत्र देखे जो पूरे थे। यह बस चुनाव ड्यूटी में रही थी।
बिना मानक पूरे किए हाईवे पर दौड़ रहे हैं स्कूल वाहन
स्कूल वाहन बिना मानक पूरे किए हाईवे पर दौड़ रहे है। जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे। जिससे स्कूल वाहनों से आने जाने वाले छात्र छात्राओं की जान को खतरा रहता है। इसके बाद भी विभागीय अफसर बिना मानक पूरे किए संचालित होने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करता दिखाई नहीं देता। जिले में संचालित स्कूल वाहनों की बात की जाए तो 50 फीसदी वाहनों में स्पीड गवर्नर नहीं है।
20 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए सहायक संभागीय परिवहन विभाग द्वारा स्कूल की बसों को अधिग्रहित करने की कार्रवाई शुरू की गई थी तो करीब 80 प्रतिशत बसों की फिटनेस पूरी नहीं थी। बसों की फिटनेस के लिए रविवार को कार्यालय भी खोला गया था। जिससे समय रहते बसों की फिटनेस पूरी हो सके। फिटनेस को पहुंची करीब आठ बसों को लौटा गया। क्योंकि बसों के मानक पूरे नहीं थे।
एआरटीओ राजेश कर्दम ने बताया कि स्कूल बसों को समय-समय पर चेक किया जाता है। जिससे हादसों को रोका जा सके। बृहस्पतिवार को हुए हादसे की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जाएगी। जल्द ही अभियान चलाकर स्कूल वाहनों की फिटनेस चेक की जाएगी।