Agra News: हाईवे पर पलटा रिफाइंड से भरा ट्रक, कई छोटे वाहन फिसलने से बचे, लगा रहा लंबा जाम
आगरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर रिफाइंड से भरा ट्रक पलटने से लंबा जाम लग गया। कई बाइक सवार तो फिसलन के चलते गिरने से बचे। पुलिस ने किसी हादसे की आशंका के चलते एक तरफ की लेन को बंद कर दिया। घंटों की मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया जा सका।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार को रिफाइंड से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे की एक लेन का आवागमन बाधित हो गया। इससे लंबा जाम लग गया और राहगीर परेशान होते रहे। सूचना पर पहुंची यातायात और थाना पुलिस ने क्रेन बुला ट्रक को हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारू कराया।
रिफाइंड से भरा है ट्रक
हादसा न्यू आगरा थाना क्षेत्र में भगवान टाकीज फ्लाई ओवर के पास हुआ। सिकंदरा से वाटर वर्क्स की तरफ जाते समय फ्लाई ओवर से पहले ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उसमें लदे रिफाइंड से भरे डिब्बे गिर गए। कई डिब्बे फटने से उसमें भरा हुआ तेल बह गया। इस कारण वहां से निकलते कई छोटे वाहन फिसलने से बचे।
ट्रक को क्रेन की मदद से हटवाया गया
फिसलन की वजह से हाईवे पर बड़े हादसे की आशंका के चलते एक ओर का आवागमन रोक दिया। सूचना पर यातायात व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विजय विक्रम सिंह ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को जानकारी दे दी गई थी। ट्रक को क्रेन की मदद से हटवाया गया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।