सड़क हादसे: एटा में अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन युवकों की मौत, मैनपुरी में भी दो युवकों की गई जान
एटा में हादसे के शिकार तीनों युवक फिरोजाबाद के रहने वाले थे। तीनों एक ही बाइक से घर वापस लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उधर, मैनपुरी में दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के रिजोर थाना क्षेत्र में रविवार रात को शादी से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा रिजोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एटा-सकीट रोड पर डीपीएस के पास हुआ। मृतक युवक फिरोजाबाद जिले के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों परिवारों में कोहराम मच गया।
फिरोजाबाद के रहने वाले थे तीनों युवक
सोनेलाल (36), सुखराम (32) और योगेश (24) निवासी गांव नगला गडरिया थाना एका जिला फिरोजाबाद यहां निधौली कलां के गांव सराय में मोटरसाइकिल से आए थे। दावत खाने के बाद वापस लौट रहे थे। किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। तीनों युवकों को सरकारी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। तीनों युवक दोस्त थे, ये सुखराम की रिश्तेदारी की शादी में आए थे। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाह ने बताया कि किसी वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। वाहन के बारे में पता नहीं चल सका। योगेश के भाई वीरेश ने जो तहरीर दे दी है उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मैनपुरी में दो बाइकों की टक्कर
मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र के गांव खरपरी के पास भांवत रोड पर रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव भांवत निवासी रामलड़ैते तथा दूसरी बाइक पर सवार प्रदीप कुमार निवासी गांव कोडर थाना कुर्रा की मौत हो गई। वहीं हादसे में एक युवक घायल भी हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।