दिन में मजदूरी, रात में करते थे लूट: आगरा में पुलिस ने दबोचे तीन लुटेरे, कई वारदात का खुलासा
मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाशों ने बीते एक महीने में लूट और चोरी की कई वारदात को अंजाम दिया है। पूछताछ में बदमाशों ने ये कबूल किया है। इनके पास से लूट और चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना बरहन क्षेत्र में पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी दिन में मजदूरी का काम करते थे। रात में हथियारों के बल पर सुनसान रास्तों पर अकेले जाने वाले राहगीरों से लूट करते थे। पुलिस ने लूट और चोरी की कई वारदात का खुलासा किया है।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि जलेसर रोड स्थित कनराऊ बार्डर पर बुधवार रात को पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी तीन बदमाशों के आने की सूचना मिली। बाइक पर बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वो बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग की। बंबे की पुलिया पर बाइक फिसल गई। पुलिस ने सभी को घेराबंदी करके पकड़ लिया।
आरोपियों ने अपने नाम फिरोजाबाद निवासी गुड्डू उर्फ जयकिशन, होरीलाल उर्फ श्यामसुंदर और बरहन निवासी गौरव बताया। आरोपियों के पास से दो तमंचे, तीन कारतूस, खोखा, चोरी की तीन बाइक, दो मोबाइल, 4300 रुपये, दो कैन रिफाइंड तेल बरामद किया गया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी दिन में मजदूरी करते हैं। रात में आने-जाने वाले राहगीरों से तमंचा दिखाकर लूट करते थे। उनके निशाने पर सुनसान रास्तों पर अकेले जाने वाले लोग रहते थे। उन्हें आसानी से लूटकर फरार हो जाते थे।
इन वारदात का खुलासा
गैंग ने एक महीने पहले बरहन के टेहू गांव के पास बाइक सवार दो लोगों से 15 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया था। 20 दिन पहले भी आगरा-जलेसर मार्ग पर बाइक और 1500 रुपये लूटे थे। जलेसर मार्ग पर एक दुकान में चोरी और चार दिन पहले फिरोजाबाद के मक्खनपुर इलाके में बाइक लूटी थी।
ये सामान हुआ बरामद
पकड़े गए बदमाशों से दो 315 बोर तमंचे, तीन कारतूस व एक खोखा कारतूस, तीन सुपर स्पलेंडर बाइक व दो मोबाइल, 4470 रुपये, दो कैन चंबल सोयाबीन तेल आदि चोरी का सामान बरामद हुआ है। तीन बदमाशों पर अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।