आगरा: किसान का डेढ़ लाख रुपये भरा बैग चोरी, सीसीटीवी कैमरे कैद हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस
दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें दो युवक बैग चोरी करते दिख रहे हैं। ये दोनों युवक दो रुपये की लौंग लेने दुकान पर आए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के खंदौली क्षेत्र में सोमवार को परचून की दुकान पर खरीदारी के दौरान एक किसान का डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बैग चोरी होने की घटना कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में लगी है।
गांव अरेला निवासी अशोक कुमार शर्मा किसान हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मकान निर्माण करा रहे हैं। इसके लिए सोमवार दोपहर को खंदौली स्थित बैंक शाखा से डेढ़ लाख रुपये निकाले थे। सौ-सौ के नोटों की गड्डियां उन्होंने बैग में रखी थी। बाइक से घर जाते समय खंदौली बाजार में परचून की दुकान पर रुककर घर के लिए सामान खरीदने लगे थे।
दो युवकों ने की वारदात
अशोक कुमार बाइक से चाबी भी निकालना भूल गए थे। वहीं, रुपयों से भरा बैग दुकान के काउंटर पर रख दिया था। सामान खरीदने के बाद दुकानदार को रुपये देना चाहा, तो बैग गायब था। इससे वह सन्न रह गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आकर दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया, तो उसमें दो युवक नजर आ रहे हैं। पहले एक युवक ने बाइक से चाबी निकाली थी।
इसके बाद युवक दुकान पर पहुंचे और रुपयों से भरा बैग उठाकर लेकर निकल गए। सूचना पर सीओ एत्मादपुर ने भी पहुंचकर पीड़ित से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी विपिन कुमार गौतम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। संभव है कि बदमाश किसान के पीछे बैंक से ही लगे हों।
दो रुपये की लौंग लेने के बहाने दुकान पर आया था बदमाश
पुलिस ने घटना के बाद जव सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, तो उसमें पता चला कि रुपयों से भरा बैग ले जाने वाला युवक दुकान पर दो रुपये की लौंग लेने के बहाने आया था। वह बैग के सामने खड़ा हुआ और दुकानदार से दो रुपये की लौंग मांगी थी। दुकानदार ने दो रुपये की लौंग देने से इनकार कर दिया। इसीबीच उसका साथी बैग उठा ले जाता है। इसके बाद यह युवक भी चल देता है।
बैंक के कैमरे निकले बंद
डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग चोरी होने के बाद पुलिस पीड़ित को लेकर सीसीटीवी कैमरे देखने बैंक पहुंची। पुलिस का मानना है कि चोर किसान के पीछे बैंक से ही लगे रहे होंगे। थाना प्रभारी विपिन कुमार गौतम ने बताया कि बैंक जाने पर सीसीटीवी कैमरे सर्वर नहीं आने की वजह से बंद मिले।