सनसनीखेज: आगरा में चोरों ने चोरी के बाद ठेकेदार घर में लगाई आग, जेवरात-नकदी और बाइक ले गए
बिजली कटी होने से ठेकेदार परिवार सहित मित्र के घर सोने के लिए गए थे। इसका फायदा उठाकर चोरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के शाहगंज स्थित दौरेठा नंबर एक स्थित मान सरोवर कॉलोनी में शनिवार रात को चोरों ने एक ठेकेदार के घर में चोरी के बाद आग लगा दी। पड़ोसियों ने आग लगी देखकर ठेकेदार को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और दमकल पहुंची। आधा घंटे में आग बुझाई जा सकी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोर कमरे, अलमारी के ताले तोड़कर जेवरात, नकदी के अलावा बाइक भी ले गए हैं।
मान सरोवर कॉलोनी निवासी धीरज सिंघल बिजली उपकरणों की ठेकेदारी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पहले घर का बिजली कनेक्शन व्यवसायिक था। अब घरेलू उपभोग के लिए आवेदन किया हुआ है। इस कारण बिजली कटी हुई है। बिजली अभी जुड़ नहीं पाई है। उनके मित्र राजकिशोर बालाजीपुरम में रहते हैं। वह चार दिन से परिवार सहित मित्र के घर रह रहे थे।
रात के करीब दो बजे हुई घटना
शनिवार रात को दो बजे पड़ोसियों ने फोन करके बताया कि घर में आग लग गई है। सूचना पर वह आ गए। बाद में पुलिस को सूचना दी। दमकल ने पहुंचकर आग को बुझाया। आग बुझने के बाद अंदर गए तो पता चला कि घर में बाइक चोरी हो गई है। दोस्त राशिद खान अपनी बाइक पंक्चर होने पर खड़ी कर गया था। कमरों के ताले भी टूटे थे। इसमें अलमारी खुली पड़ी थीं। लॉकर का ताला टूटा हुआ था। सोने-चांदी के जेवरात और नकदी नहीं थी।
इससे आशंका जताई गई कि चोरों ने चोरी के बाद घर में आग लगा दी। वह चोरी गए सामान का आंकलन कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव ने बताया कि घर के ताले टूटे हुए थे। बाइक सहित अन्य सामान चोरी किया गया है। इसके बाद घर में आग लगाई गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पार्षद के कार्यालय में लगाई थी आग
जगदीशपुरा के राहुल नगर में 17 जून की रात को पार्षद श्यामवीर सिंह के घर के पास स्थित कार्यालय में आग लगा दी गई थी। हालांकि आग शटर से अंदर नहीं जा सकी थी। इससे सामान जलने से बच गया था। घर में चोरी के बाद आग लगाई गई। इससे आशंका है कि पार्षद के कार्यालय में भी चोरी को कोशिश की गई होगी। इसके बाद आग लगाई।