कासगंज। गंगा के जलस्तर में पिछले 24 घंटे में 40 सेंटीमीटर की गिरावट आई है। जिससे बाढ़ की आशंका कम हुई है, लेकिन गंगा की धारा से कटान का खतरा बढ़ गया है। कादरगंज इलाके के ग्रामीण क्षेत्र कटान के लिए संवेदनशील हैं। तटवर्ती इलाके के लोगों को भी जलस्तर में कमी आने से राहत मिली है। क्योंकि बाढ़ की आशंका को लेकर ग्रामीण चिंतित थे। गंगा में हरिद्वार, बिजनौर एवं नरौरा बैराज से पानी का डिस्चार्ज कम हो गया।
नरौरा से रविवार को 53966 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज था। यह डिस्चार्ज सोमवार को 28919 क्यूसेक पर रह गया। गंगा का जलस्तर रविवार को 163.40 मीटर के निशान पर था। सोमवार को यह जलस्तर 163 मीटर के निशान पर पहुंच गया। जानकार लोगों का मानना है कि जब गंगा का जलस्तर बढ़ता है तो गंगा की धारा कटान शुरू कर देती है। पटियाली के कादरगंज इलाके से जुड़े कई गांव ऐसे हैं जिन पर कटान का खतरा रहता है। सोमवार को कटान की बाढ़ नियंत्रण कक्ष को कोई सूचना नहीं मिली, लेकिन आशंका बनी हुई है।