कोरोना संकट: मतगणना ड्यूटी के नाम पर घबरा रहे शिक्षक, स्थगित करने की मांग
जिले में पंचायत चुनाव से लौटने के बाद बड़ी संख्या में शिक्षक बीमार पड़ गए हैं। शिक्षक संगठनों ने मतगणना टालने की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में पंचायत चुनाव की ड्यूटी देने के बाद बड़ी संख्या में बेसिक और माध्यमिक शिक्षक कोरोना संक्रमित हैं। कुछ शिक्षकों की मौत भी हो चुकी है। अब मतगणना में भी शिक्षकों की ड्यूटी आ गई है। इससे शिक्षक घबराए हुए हैं। शिक्षक संगठनों ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शिक्षकों को ड्यूटी मुक्त करने और जिन शिक्षकों की ड्यूटी के बाद कोरोना से मौत हो चुकी है, उनको आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री हरिओम यादव ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। मतगणना में शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों की ड्यूटी लगाए जाने पर नाराजगी जाहिर की गई है। बुखार से परेशान व कोरोना संक्रमित शिक्षकों ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग की गई है।
मृतकों के परिजनों को मुआवजे की मांग
चुनाव ड्यूटी के बाद जिनकी मौत हुई है, उनको 25 लाख से 50 लाख रुपये का मुआवजा राशि दिए जाने की मांग की है। माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. भोजकुमार शर्मा ने उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से मांग की है कि परिस्थितियां सामान्य होने तक मतगणना को टाल दिया जाए। संक्रमित शिक्षकों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए।
राष्ट्रवादी शिक्षक महासंघ के प्रदेश संयोजक डॉ. मुकेश डागुर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। उनसे मांग की है कि चुनाव ड्यूटी के बाद जिन शिक्षकों की कोरोना से मौत हुई है, उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए। शिक्षकों का वेतन समय से जारी कराया जाए।
निर्वाचन ड्यूटी से शिक्षकों में रोष व्याप्त है
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) के जिलामंत्री अशोक कुमार त्यागी का कहना है कि मतगणना में ड्यूटी लगाए जाने से शिक्षकों में रोष है। संगठन के डॉ. गजेंद्र सिंह परिहार, सत्येंद्र सिंह, विनोद धाकरे, महेंद्र रघुवंशी, राजीव दिवाकर, नरेंद्र यादव ने प्रशासन से शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने और संक्रमित शिक्षकों का इलाज कराने की मांग की है।