पति-पत्नी की मौत: दोनों को थी एक ही परेशानी, एक ही चिता पर जले दोनों के शव; मंजर देख रो पड़ा पूरा गांव
यह हृदयविदारक मामला मैनपुरी के कसद गांव का है। यहां रहने वाले 51 वर्षीय मुकेश कुशवाह और उनकी 49 वर्षीय पत्नी दीपा को कुछ दिनों से तेज बुखार आ रहा था। शहर के एक स्थानीय केंद्र पर कराई गई जांच में दोनों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार भयावह रूप लेता जा रहा है। यहां डेंगू की चपेट में आने से एक दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। हैरान करने वाली बात यह रही कि इलाज के दौरान महज तीन घंटे के अंतराल में पति-पत्नी दोनों ने दम तोड़ दिया। गुरुवार को जब एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
तीन घंटे के अंतराल में टूटी सांसें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक मामला मैनपुरी के कसद गांव का है। यहां रहने वाले 51 वर्षीय मुकेश कुशवाह और उनकी 49 वर्षीय पत्नी दीपा को कुछ दिनों से तेज बुखार आ रहा था। शहर के एक स्थानीय केंद्र पर कराई गई जांच में दोनों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हालत में सुधार न होने और तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने दंपती को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार रात करीब 9:30 बजे इलाज के दौरान मुकेश कुशवाह की मौत हो गई। इस सदमे से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि ठीक तीन घंटे बाद (रात 12:30 बजे) उनकी पत्नी दीपा ने भी दम तोड़ दिया।
बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
एक साथ पति-पत्नी की अर्थी उठने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक दंपती के परिवार में एक बेटी और तीन बेटे हैं। अचानक माता-पिता का साया उठने से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग ने लिया संज्ञान
मामले को लेकर मैनपुरी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं जांच केंद्र की ओर से डेंगू पोर्टल पर कोई भी रिपोर्ट अपलोड नहीं की गई थी। शुरुआती तौर पर एक रैपिड कार्ड टेस्ट की रिपोर्ट मिली है जिसमें डेंगू पॉजिटिव होने की बात है।
शुक्रवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भेजकर पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि दंपती की एलाइजा जांच हुई थी या नहीं।