Agra: चांदी कारीगरों से वसूली के मामले में थाना एत्माद्दौला के निरीक्षक और चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
चांदी कारीगरों से वसूली के मामले में एत्माद्दौला थाना प्रभारी निरीक्षक और नुनिहाई चौकी के प्रभारी पर गाज गिरी है। एसएसपी ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना एत्माद्दौला की फाउंड्री नगर पुलिस चौकी में सादाबाद के चांदी कारीगरों से वसूली की गई। थाना समाधान दिवस में शिकायत पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी और दो सिपाही निलंबित किए। प्रकरण में थाना प्रभारी की लापरवाही सामने आई। उनका चौकी के अधीनस्थ पुलिसकर्मियों पर कोई नियंत्रण नहीं था। रविवार को एसएसपी ने निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं नुनिहाई चौकी के प्रभारी को विवेचनाओं में लापरवाही पर हटा दिया गया।
सात जून को सादाबाद के बिसावर निवासी चांदी कारीगर धर्मेंद्र और उनके भाई को पुलिस ने टेढ़ी बगिया पर रोक लिया था। उनके पास से मिली चांदी को लूट की बताकर फाउंड्री नगर चौकी ले गए थे। आरोप है कि एनकाउंटर का भय दिखाकर 74 हजार रुपये वसूले। 350 ग्राम चांदी और 2260 रुपये भी ले लिए।
11 जून को पीड़ित ने थाना समाधान दिवस में आए एसएसपी सुधीर कुमार सिंह से शिकायत की थी। उन्होंने चौकी प्रभारी नीलकमल, सिपाही कपिल कुमार और अजय नेहरा को निलंबित कर दिया। जांच एसपी सत्यजीत गुप्ता को सौंपी थी। दो दिन में रिपोर्ट मांगी। मगर, अब तक रिपोर्ट नहीं आई है।
थाना प्रभारी की सामने आई लापरवाही
एसएसपी ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा और नुनिहाई चौकी के प्रभारी निरीक्षक रमित कुमार आर्य को लाइन हाजिर किया है। चांदी कारीगरों से वसूली में थाना पुलिस की संलिप्तता सामने आई थी। निरीक्षक का अपने अधीनस्थों पर कोई नियंत्रण नहीं था। उनकी लापरवाही सामने आई। इस पर हटाए गए।
इस मामले में एसपीआरए को रिपोर्ट देनी थी। मगर, उन्होंने पुलिसकर्मियों और अन्य के बयान के लिए दस दिन का समय मांगा है। वहीं चौकी प्रभारी नुनिहाई की विवेचनाएं लंबित थी। इनकी समीक्षा की गई। विवेचना के निस्तारण में लापरवाही पर चौकी प्रभारी को लाइन भेजा है।
सोशल मीडिया पर कुछ और
निरीक्षक और चौकी प्रभारी को लाइन भेजने का मामला शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें कहा गया कि फैक्टरी में सिलिंडर में धमाके में एक मजदूर की जान गई थी। इसमें मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस मालिक पर अनैतिक दबाव डाल रही थी। इसकी शिकायत पर कार्रवाई हुई। हालांकि एसएसपी ने कहा कि यह सही नहीं है। चांदी कारीगरों के मामले में ही कार्रवाई की गई।