मंच पर बैठने को लेकर भिड़े सपा नेता: मथुरा के सपा और यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्षों के बीच हाथापाई, देखें वीडियो
समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बुधवार को बलिया के सांसद सनातन पांडेय के सामने ही मथुरा के सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तोमर में मंच पर बैठने को लेकर हाथापाई हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बुधवार को अनुशासन तार-तार हो गया। बलिया के सांसद सनातन पांडेय के सामने ही मथुरा के सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तोमर में मंच पर बैठने के मुद्दे पर बहस के बाद हाथापाई हो गई। इसके बाद दोनों के समर्थकों में लात-घूंसे चल गए। 20 मिनट तक हंगामा होता रहा। इसका वीडियो भी वायरल हो गया।
बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय ब्राह्मणों को साधने के लिए बुधवार को आगरा आए थे। पांच अगस्त को लखनऊ में जनेश्वर मिश्र की जयंती मनाई जाएगी, जहां ब्राह्मण सम्मेलन होगा। इसके लिए बुधवार को आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद से ब्राह्मण समाज के पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं फ्रंटल संगठनों की बैठक आयोजित की गई थी। दोपहर करीब एक बजे जिला कार्यालय पर बैठक के दौरान मंच पर बैठने को लेकर मथुरा से सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और मथुरा से मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तोमर के बीच बहस हो गई।
बैठक खत्म होते ही कार्यालय परिसर में दोनों जिलाध्यक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। करीब 20 मिनट तक दोनों जिलाध्यक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। कार्यालय से बाहर निकलते ही दोबारा धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मथुरा के सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव को गाड़ी में बिठाकर रवाना कर दिया। इस दौरान सपा कार्यालय के बाहर जाम लग गया।
बंगाल में लगाया चढ़ावा चोरी का पैसा-पांडेय
सपा सांसद सनातन पांडेय ने बैठक के बाद प्रेसवार्ता की। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में भाजपा पर हमला बोला। पांडेय ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में चढ़ावा चोरी का पैसा लगाया गया है। उन्होंने कहा वोट चोर, अब चंदा चोरी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण कर केंद्र सरकार ने जनता के विश्वास को तोड़ा है। जनता इसका जवाब देगी। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउंटर ब्राह्मणों के हुए हैं। ब्राह्मणों की भाजपा में लगातार उपेक्षा हो रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने सपा संस्थापक जनेश्वर मिश्र के सम्मान में पार्क बनवाया। उन्होंने कहा पीडीए के साथ ब्राह्मणों का सम्मान भी पार्टी में सुरक्षित है। पिछले विधानसभा चुनाव में आगरा में तीन ब्राह्मणों को पार्टी ने टिकट दिया था। 2027 चुनाव में भी सपा ब्राह्मणों को अधिक से अधिक टिकट देकर सम्मान देने का काम करेगी। इस दौरान सपा प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी, पुष्पेंद्र शर्मा, सुधीर दुबे, राजेश शर्मा, पिंकी त्यागी, हरिशंकर शर्मा, राजपाल यादव, नितिन कोहली, संतोष पाल, पवन प्रजापति आदि मौजूद रहे।