बेरहम सत्संगी: नगर निगम के बुलडोजर समेत 3 वाहन तोड़े और फिर चालक पीटा, गिड़गिड़ाता रहा; नहीं आया रहम
सत्संगियों ने पथराव करके 60 लाख रुपये के सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एक चालक उनके चंगुल में फंस गया। सत्संगियों ने उसे जमकर पीटा। बताया गया है कि वो गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन सत्संगियों ने उस पर रहम नहीं किया।
विस्तार
आगरा में रविवार शाम को दयालबाग इंजीनियरिंग काॅलेज के सामने शूटिंग रेंज से सटे टेनरी रोड के गेट नंबर 8 पर सत्संगियों ने पुलिस-प्रशासन पर पथराव किया। इसमें पुलिसकर्मियों, मीडियाकर्मियों के साथ नगर निगम के बुलडोजर, ट्रक और ट्रैक्टर के चालक भी घायल हो गए।
गेट तोड़ने गए बुलडोजर के चालक की आंख पर सत्संगियों का फेंका पत्थर लगा, जिससे खून निकल आया। बुलडोजर क्षतिग्रस्त होने के साथ चालक भागा तो उसकी पिटाई की गई। जैसे-तैसे चालक ने जान बचाई। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, 60 लाख रुपये के वाहनों को सत्संगियों ने पथराव में क्षतिग्रस्त कर दिया।
ये भी पढ़ें - सत्संगियों का बवाल: भीड़ के आगे पस्त हुए अफसर, पथराव होते ही पीछे हटाने पड़े कदम; आगे बढ़ते ही पड़े पत्थर
जिस दीवार को तोड़ा, उसी की ईंटों से किया पथराव
शनिवार को दयालबाग शूटिंग रेंज की दीवार को प्रशासन ने बुलडोजर से तुड़वा दिया था, लेकिन उसकी ईंटों को नगर निगम के वाहनों में भरकर नहीं ले गए। इन्हीं ईंटों, पत्थरों का इस्तेमाल सत्संगियों ने पुलिस पर पथराव में किया। दीवार को तोड़ने के कारण यहां बड़ी मात्रा में ईंटें और पत्थर एकत्र हो गए थे, जिन्हें सत्संगियों ने रात में ही अपने कंटेनर के पास रख लिया था। पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची तो इन्हीं पत्थरों से हमला किया गया।
दयालबाग में सत्संग सभा और पुलिस के बीच बवाल के बाद शाम 4 बजे से यातायात को भगवान टाॅकीज चौराहे से डायवर्ट कर दिया गया। इससे भगवान टाॅकीज चौराहे पर रात 8 बजे तक जाम रहा। न्यू आगरा थाने के सामने से ही यातायात को हाईवे होकर गुजारा गया। श्रीराम गेस्ट हाउस के पास भी पुलिस ने बैरियर लगाकर यातायात को रोक दिया। वहां से वाहनों को खेलगांव होकर बाहर निकाला गया। उधर, यातायात बाधित होने के बाद भी सत्संगियों के वाहन अपने इलाकों में गश्त करते रहे।
ये भी पढ़ें - सत्संगियों का बवाल: फेल हुआ खुफिया तंत्र, किलेबंदी से बेखबर थे अफसर; पथराव में खुद को न बचे सके पुलिसकर्मी
संघर्ष की स्थिति में किसी सत्संगी के चोट लगने पर उन्हें उपचार देने के लिए सत्संग सभा की एंबुलेंस चक्कर काटती रहीं। पुलिस ने टेनरी वाले गेट पर एक एंबुलेंस को रोककर चेकिंग भी की। हालांकि उसमें कोई मरीज नहीं था। इसके बाद पुलिस ने सत्संगियों के वाहनों की चेकिंग की। इस पर कई बार झड़पें हुईं।