आगरा: आरओ प्लांट पर कार्रवाई के बाद लोगों पर महंगाई की मार, पांच रुपये महंगा हुआ पानी
आगरा में प्लांट संचालकों ने रुपये बढ़ा दिए हैं। 20 लीटर की बोतल प्लांट पर 5 रुपये की जगह 10 रुपये में भरी जा रही है। वहीं 10 रुपये की जगह 15 रुपये में होम डिलीवरी हो रही है और ठंडा कैंपर 25 रुपये में दिया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में आरओ प्लांट पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद महंगाई की मार जनता पर पड़ी है। आरओ प्लांट से सप्लाई होने वाली 20 लीटर की बोतल पर पांच रुपये बढ़ गए हैं। 10 रुपये की होम डिलीवरी अब 15 रुपये में हो रही है। 5 रुपये में प्लांट पर भरी जाने वाली खाली बोतल अब 10 रुपये में भरी जा रही है। वहीं ठंडा कैंपर 20 की जगह 25 रुपये में मिल रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने भूगर्भ जल (प्रबंधन एवं विनियमन) अधिनियम 2019 लागू कर दिया है। जिले में 10 ब्लॉक अधिसूचित श्रेणी में रखे गए हैं। जहां बोरिंग पर प्रतिबंध है। शहरी क्षेत्र अधिसूचित सूची से बाहर है, परंतु प्रत्येक सबमर्सिबल पंप का पंजीकरण अनिवार्य है।
जिलास्तरीय टास्क फोर्स गठित की गई
ऐसे में डीएम प्रभु एन सिंह द्वारा अवैध रूप से संचालित आरओ प्लांट बंद कराने के लिए जिलास्तरीय टास्क फोर्स गठित की गई है। पिछले दिनों टास्क फोर्स ने छह आरओ प्लांट सील किए थे। जिसके बाद आरओ प्लांट एसोसिएशन ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट अंजनी कुमार सिंह व आरओ प्लांट संचालकों के बीच बैठक में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, पंजीकरण व अन्य मानक पूर्ण करने के लिए एक महीने की मोहलत दी गई है।
एसोसिएशन ने दी प्लांट संचालकों को कम कीमत लेने पर कार्रवाई की चेतावनी
आरओ वाटर प्लांट एसोसिएशन ने नई रेट लिस्ट 1 अक्टूबर से लागू करते हुए कम कीमत पर पानी बेचने वाले प्लांट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। ऐसे प्लांट का पंजीकरण रद्द करने की बात कही है। जबकि सहायक भू-भौतिकविद नम्रता जायसवाल का कहना है कि एक बार मानक पूर्ण करने के बाद पंजीकरण रद्द कराने का अधिकार संचालक के पास होगा। कोई अन्य व्यक्ति किसी का संचालक का पंजीकरण रद्द नहीं करा सकता।
- 2000 आरओ प्लांट हैं शहर में
- 3 लाख बोतल सप्लाई होती हैं रोज
- 20 लीटर पानी आता है एक बोतल में
- 1 करोड़ लीटर भूजल दोहन रोज है
- कोई प्लांट पंजीकृत नहीं हैं शहर में
आंकड़े: आरओ प्लांट एसोसिएशन के मुताबिक
पुरानी कीमत - नई कीमत
- खाली बोतल भरवाने पर- 5 रुपये - 10 रुपये
- ठंडी बोतल भरवाने पर - 15 रुपये - 20 रुपये
- सादा कैंपर भरवाने पर - 5 रुपये - 10 रुपये
- ठंडा कैंपर भरवाने पर - 10 रुपये - 15 रुपये
- बोतल की होम डिलीवरी- 10 रुपये - 15 रुपये
- ठंडी बोतल होम डिलीवरी- 20 रुपये - 25 रुपये
- ठंडा कैंपर होम डिलीवरी- 15 रुपये - 20 रुपये
- सादा कैंपर होम डिलीवरी- 10 रुपये - 15 रुपये
(आरओ प्लांट एसोएिशन की रेट लिस्ट के मुताबिक)
बढ़िया गुणवत्ता का पानी मिलेगा। केमिकल व फिल्टर अच्छे इस्तेमाल करेंगे। रेट नई नहीं हैं, पुरानी दर ही लागू की गई हैं। कुछ प्लांट वाले कम कीमत ले रहे थे। अब सही कीमत तय की गई हैं। - सुरेंद्र कुलश्रेष्ठ, अध्यक्ष, आरओ वाटर प्लांट एसोसिएशन
कीमत बढ़ाने पर होगी कार्रवाई
गलत तरीके से कीमत बढ़ाने पर वैधानिक कार्रवाई होगी। कोई नई कीमत लागू नहीं कर सकते। मानक पूर्ण करना जरूरी है। बैठक में मानकों के साथ कीमतों की समीक्षा की जाएगी। - अंजनी कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट
जनता की पीड़ा: प्लांट संचालक कर रहे मनमानी
प्लांट संचालक मनमानी कर रहे हैं। जमीन से पानी खींचकर बेचते हैं, तो रिचार्ज करना भी उनका काम है। इसका मतलब ये नहीं कि इसकी भी जनता से वसूली की जाएगी। - राकेश शर्मा, सुलहकुल नगर
एसोसिएशन कीमत बढ़ाने का दबाव नहीं बना सकती
जो प्लांट जिस कीमत पर बेचना चाहे वह स्वतंत्र होना चाहिए। कोई एसोसिएशन किसी पर कीमत बढ़ाने का दबाव नहीं बना सकती। हम इसका विरोध करते हैं। - गोविंद खुराना, आवास विकास
नई कीमत अनुचित
सरकारी वाटर एटीएम से पांच रुपये में 20 लीटर पानी मिलता है। फिर आरओ प्लांट खाली बोतल भरने के 10 रुपये क्यों ले रहे हैं। पुरानी रेट ही देंगे। नई रेट अनुचित हैं। - मालती शर्मा, शाहगंज
कार्रवाई करे प्रशासन
महंगाई से जनता पहले ही परेशान है। अब आरओ वाले मनमानी कर रहे हैं। प्रशासन को इनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे प्लांट हमेशा के लिए बंद कराए जाएं। - हरीश अग्रवाल, जयपुर हाउस
कासगंज में बुखार का कहर: नौ माह की बच्ची सहित तीन की मौत, अब तक 64 लोगों ने तोड़ा दम